फैक्टरी में चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, चोरी किया गैस सिलेंडर, चूल्हा, बिजली मोटर व वायर बरामद
BOL PANIPAT , 10 सितंबर : सीआईए थ्री पुलिस ने देसराज कॉलोनी स्थित एक फैक्टरी में चोरी करने वाले दो आरोपियों को बुधवार शाम हनुमान कॉलोनी से गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान दिनानाथ कॉलोनी निवासी हर्ष व हनुमान कॉलोनी निवासी अजय के रूप में हुई है।
सीआईए थ्री प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि उनकी टीम को बुधवार शाम गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि हनुमान कॉलोनी में दो संदिग्ध युवक घूम रहे हैं। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर दोनों युवकों को काबू किया। पूछताछ में दोनों ने 1 सितंबर की रात देसराज कॉलोनी स्थित एक फैक्टरी से गैस सिलेंडर, चूल्हा, थ्री फेस मोटर व वायर (तार) चोरी करने की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे दोनों नशा करने के आदी हैं। नशे की लत पूरी करने के लिए पैसों की जरूरत पड़ी तो दोनों ने मिलकर फैक्टरी में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने चोरी किया सामान बेरीवाली मस्जिद के पास किराये के एक कमरे में छिपाकर रखा है। पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर कमरे से चोरी किया गैस सिलेंडर, चूल्हा, थ्री फेस मोटर व करीब 7 किलो वायर (तार) बरामद की। वीरवार को पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया गया।
यह है मामला
थाना तहसील कैंप में ओल्ड गोहाना रोड प्रजापत नगर निवासी रमेश पुत्र जीवनदास ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसकी देसराज कॉलोनी में सनराइज डाई हाउस के नाम से फैक्टरी है। 1 सितंबर की रात वह फैक्टरी बंद कर घर चला गया था। सुबह करीब 10 बजे फैक्टरी पहुंचने पर गैस सिलेंडर, चूल्हा, थ्री फेस मोटर व वायरिंग नहीं मिली। अज्ञात चोर रात के समय उक्त सामान चोरी कर ले गए थे। थाना तहसील कैंप में रमेश की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच व आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी।

Comments