Wednesday, September 23, 2026
Newspaper and Magzine


पानीपत पुलिस की नशा मुक्त अभियान की टीम ने बापौली व बराना आईटीआई में विद्यार्थियों को दी नशे के दुष्परिणामों की जानकारी

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at September 22, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT , 22 सितंबर: पानीपत पुलिस जिले को नशा मुक्त बनाने की दिशा में जागरूकता अभियान चलाए हुए है। इसी कड़ी में पानीपत पुलिस की नशा मुक्त अभियान की टीम द्वारा मंगलवार को बापौली तथा बराना गांव स्थित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में विशेष जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद स्थापित कर उन्हें नशे के दलदल से दूर रहने और इसके गंभीर सामाजिक व स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जागरूक किया।

शारीरिक, मानसिक और सामाजिक पतन का मुख्य कारण है नशा:
पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि किसी भी प्रकार का नशा व्यक्ति के जीवन को अंधकार की ओर ले जाता है। नशे के सेवन से न केवल व्यक्ति का शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य पूरी तरह बिगड़ता है, बल्कि उसकी शिक्षा, करियर, सामाजिक सम्मान और उज्ज्वल भविष्य पर भी बेहद नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। पुलिस टीम द्वारा सभी विद्यार्थियों को शपथ दिलाई गई कि वे स्वयं कभी किसी प्रकार का नशा नहीं करेंगे और अपने आसपास के लोगों व मित्रों को भी इसके खिलाफ जागरूक करेंगे।

युवा पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में संवारें अपना भविष्य; डीएसपी प्रणय कुमार
अभियान के जिला नोडल अधिकारी डीएसपी प्रणय कुमार ने बताया कि जिले की युवा पीढ़ी को नशे की गर्त से बचाने और उन्हें सही मार्गदर्शन देने के लिए पानीपत पुलिस लगातार प्रयासरत है। इसी उद्देश्य से शैक्षणिक संस्थानों, गांवों और सार्वजनिक स्थानों पर निरंतर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
डीएसपी प्रणय कुमार ने युवाओं से आह्वान किया कि नशे को समाज से जड़ से मिटाने के लिए युवा वर्ग को खुद आगे आना होगा। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि वे नशे से पूरी तरह दूरी बनाकर अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करें और खेलों में भाग लेकर अपना स्वर्णिम भविष्य संवारें, क्योंकि खेल युवाओं को शारीरिक व मानसिक रूप से मजबूत बनाते हैं।

जिला पुलिस या नेशनल नारकोटिक्स MANAS हेल्प लाइन 1933 पर दें सूचना:
डीएसपी प्रणय कुमार ने आमजन से अपील की है कि यदि उनके आसपास कहीं भी अवैध रूप से नशा बेचा जा रहा है या कोई व्यक्ति नशे की लत का शिकार है, तो उसकी सूचना तुरंत जिला पुलिस को दें या फिर नेशनल नारकोटिक्स MANAS हेल्प लाइन नंबर 1933 पर संपर्क करें। सूचना देने वाले नागरिक की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।

Comments


Leave a Reply