आर्य कॉलेज में पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित, प्रतिभागियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा
– प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने विजेताओं को किया सम्मानित, विद्यार्थियों की कलात्मक सोच और तकनीकी कौशल को सराहा
BOL PANIPAT – मंगलवार 13 अक्तूबर 2026 : आर्य कॉलेज के कंप्यूटर विभाग द्वारा विद्यार्थियों की रचनात्मकता, कलात्मक अभिव्यक्ति और तकनीकी कौशल को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अंतर-महाविद्यालय पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में महाविद्यालय के संकायों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने विचारों को आकर्षक पोस्टरों के माध्यम से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के अंत में कॉलेज प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उनकी प्रतिभा की सराहना की।
प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान तक सीमित रहना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की रचनात्मकता, नवाचार और व्यावहारिक कौशल को विकसित करना भी है। पोस्टर मेकिंग जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी कल्पनाशक्ति का उपयोग करने, नए विचार प्रस्तुत करने और अपनी प्रतिभा को पहचान दिलाने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित करती हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को भविष्य में भी इस प्रकार की गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया।

कंप्यूटर विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. अदिति मित्तल ने कहा कि पोस्टर मेकिंग केवल एक कला नहीं, बल्कि विचारों को प्रभावशाली और रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत करने का सशक्त माध्यम है। इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों की डिजाइनिंग क्षमता, कल्पनाशक्ति और प्रस्तुतीकरण कौशल में निखार आता है। उन्होंने कहा कि कंप्यूटर और डिजिटल तकनीक के बढ़ते उपयोग के दौर में रचनात्मक सोच के साथ तकनीकी दक्षता भी बेहद महत्वपूर्ण है। विभाग विद्यार्थियों को ऐसे अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है, जिनसे वे अपनी प्रतिभा को निखार सकें और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार हो सकें।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक सोच, रंगों के बेहतर संयोजन और आकर्षक डिजाइन के माध्यम से विभिन्न विषयों पर प्रभावशाली पोस्टर प्रस्तुत किए। कार्यक्रम ने प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ अन्य विद्यार्थियों के विचारों और रचनात्मक दृष्टिकोण से सीखने का अवसर भी प्रदान किया।
अंत में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, नवाचार और तकनीकी कौशल को बढ़ावा देना तथा उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक प्रभावी मंच उपलब्ध कराना रहा।
प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे। प्रथम पुरस्कार बीएससी कंप्यूटर सांइस तृतीय वर्ष की हेजल व बीसीए तृतीय वर्ष की मानवी तोमर ने हासिल किया। दूसरा पुरस्कार बीसीए द्वितीय वर्ष की ईशा व बीसीए प्रथम वर्ष के अनुराग ने हासिल किया। तीसरा पुरस्कार बीएससी कंप्यूटर की तृतीय वर्ष छात्रा निकीता गर्ग व बीसीए प्रथम वर्ष के बंटी ने हासिल किया। वहीं सांत्वना पुरस्कार शगुन, हिना, रूपा खुशी, माधव सिंगला, पलक व नैंशी ने हासिल किया।
इस अवसर पर कंप्यूटर विभाग के प्राध्यापक विकास काठपाल, प्राध्यापिका, प्रिया शर्मा, वीणू भाटिया, प्राध्यापक रूद्र प्रताप सिंह, प्राध्यापिका भारती,प्रीति शर्मा,मनीषा, सुषमा समेत अन्य मौजूद रहे।

Comments