इग्नू की डिजिटल पहल: दिसंबर 2026 की सत्रांत परीक्षा के लिए ऑनलाइन असाइनमेंट जमा करने की सुविधा शुरू: डॉ. धर्म पाल
-इग्नू विद्यार्थियों के लिए बड़ी सुविधा: 20 नवंबर तक ऑनलाइन जमा करें असाइनमेंट: डॉ. धर्म पाल
-ऑनलाइन असाइनमेंट प्रबंधन प्रणाली से असाइनमेंट जमा करना होगा अधिक सुविधाजनक और पारदर्शी: डॉ. धर्म पाल
BOL PANIPAT , 29 अक्टूबर 2026। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने दिसंबर 2026 की सत्रांत परीक्षा के लिए ऑनलाइन असाइनमेंट प्रबंधन प्रणाली (ओएएमएस) के माध्यम से असाइनमेंट जमा करने की सुविधा शुरू की है। इस व्यवस्था के अंतर्गत मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा (ओडीएल) तथा ऑनलाइन (ओएल) कार्यक्रमों में नामांकित पात्र विद्यार्थी विश्वविद्यालय के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने असाइनमेंट जमा कर सकेंगे। असाइनमेंट जमा करने की अंतिम तिथि 20 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।
इग्नू क्षेत्रीय केन्द्र, पानीपत के क्षेत्रीय निदेशक एवं प्रमुख डॉ. धर्म पाल ने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा डिजिटल माध्यम से शैक्षणिक सेवाओं को अधिक सरल, व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। ऑनलाइन असाइनमेंट जमा करने की यह सुविधा विद्यार्थियों के लिए उपयोगी सिद्ध होगी, क्योंकि इसके माध्यम से वे निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए अपने असाइनमेंट ऑनलाइन अपलोड कर सकेंगे। साथ ही, असाइनमेंट जमा करने की पावती प्राप्त करने और मूल्यांकन की स्थिति जानने में भी सुविधा होगी।
डॉ. धर्म पाल ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे दिसंबर 2026 की सत्रांत परीक्षा के लिए अपने पाठ्यक्रमों से संबंधित असाइनमेंट समय रहते जमा करें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी विश्वविद्यालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें और अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करें, ताकि अंतिम समय में किसी तकनीकी समस्या अथवा अन्य असुविधा का सामना न करना पड़े।
विश्वविद्यालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार, पात्र विद्यार्थियों को अपने इग्नू समर्थ (समर्थ पोर्टल ) विद्यार्थी खाते में लॉगिन करके कोर्सवार असाइनमेंट जमा करने होंगे। असाइनमेंट अपलोड करते समय निम्नलिखित निर्देशों का विशेष रूप से ध्यान रखना आवश्यक है की असाइनमेंट के उत्तर हस्तलिखित होने चाहिए,प्रत्येक कोर्स के सभी उत्तरों को एक ही पीडीएफ फाइल में स्कैन करके अपलोड करना होगा, प्रत्येक पीडीएफ फाइल का आकार 20 एमबी से अधिक नहीं होना चाहिए, असाइनमेंट के पहले पृष्ठ पर विद्यार्थी का नाम, नामांकन संख्या, अध्ययन केन्द्र कोड, पाठ्यक्रम कोड, क्षेत्रीय केंद्र का कोड एवं नाम तथा ई-मेल पता स्पष्ट रूप से अंकित होना चाहिए, अपलोड करने से पहले विद्यार्थी यह सुनिश्चित करें कि असाइनमेंट उनके संबंधित कार्यक्रम, पाठ्यक्रम और सत्र के लिए निर्धारित है।
विश्वविद्यालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार, जिन विद्यार्थियों ने संबंधित पाठ्यक्रम का असाइनमेंट पहले ही उत्तीर्ण कर लिया है, उन्हें उसे दोबारा जमा करने की आवश्यकता नहीं है। इसी प्रकार, जिन विद्यार्थियों ने दिसंबर 2026 की सत्रांत परीक्षा के लिए संबंधित असाइनमेंट की हार्ड कॉपी पहले ही अपने अध्ययन केन्द्र अथवा क्षेत्रीय केन्द्र में जमा कर दी है, उन्हें उसी असाइनमेंट को ऑनलाइन दोबारा अपलोड करने की आवश्यकता नहीं होगी।
उन्होंने बताया कि असाइनमेंट सफलतापूर्वक जमा होने के बाद उसकी ऑनलाइन पावती ओएएमएस पोर्टल पर उपलब्ध होगी। इसके अतिरिक्त, पावती विद्यार्थी के पंजीकृत ई-मेल पते पर भी भेजी जाएगी। विद्यार्थी अपने समर्थ खाते के माध्यम से असाइनमेंट के मूल्यांकन की स्थिति देख सकेंगे। इसलिए विद्यार्थियों को सलाह दी जाती है कि वे असाइनमेंट जमा करने के बाद उपलब्ध पावती एवं संबंधित विवरण को सुरक्षित रखें।
डॉ. धर्म पाल ने विद्यार्थियों का ध्यान इस महत्वपूर्ण निर्देश की ओर आकर्षित करते हुए कहा कि असाइनमेंट ई-मेल के माध्यम से क्षेत्रीय केन्द्र अथवा विश्वविद्यालय के किसी अन्य कार्यालय को नहीं भेजे जाने चाहिए। विश्वविद्यालय के निर्देशों के अनुसार, ई-मेल के माध्यम से भेजे गए असाइनमेंट स्वीकार नहीं किए जाएंगे। इसलिए पात्र विद्यार्थी निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से ही असाइनमेंट जमा करें। उन्होंने सभी पात्र विद्यार्थियों से पुन: आग्रह किया कि वे विश्वविद्यालय के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए 20 नवंबर 2026 तक अपने असाइनमेंट जमा करना सुनिश्चित करें। समय पर और सही प्रारूप में असाइनमेंट जमा करना विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

Comments