बकरी चोर को जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लिया. दो हजार रुपए बरामद.
BOL PANIPAT , 22 नवंबर: पसीना कला गांव में कमरे से बकरी चोरी करने के आरोपी को थाना औद्योगिक सेक्टर 29 पुलिस ने शुक्रवार को जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लिया है। आरोपी की पहचान प्रताप नगर सदर बाजार दिल्ली निवासी बच्चन सिंह के रूप में हुई है। आरोपी बकरी चोरी के अन्य मामले में पानीपत जेल में बंद था।
थाना औद्योगिक सेक्टर 29 प्रभारी सब इंस्पेक्टर अनिल ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने अपने चार अन्य साथी आरोपियों के साथ मिलकर बकरी चोरी की उक्त वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा है।
पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर गहनता से पूछताछ की। आरोपी ने पूछताछ में बताया पसीना कला गांव से चोरी की 10 बकरी व 4 बकरी के बच्चे 35 हजार रुपए में बेचकर पैसे पांच हिस्सों में बाट लिए थे। आरोपी बच्चन सिंह ने अपने हिस्से में आए सात हजार रुपए में से ज्यादातर पैसे खर्च कर दिए। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बचे दो हजार रुपए बरामद कर शनिवार को रिमांड अवधि पूरी होने पर आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया।
यह है मामला
थाना औद्योगिक सेक्टर 29 में पसीना कला गांव निवासी अशोक पुत्र दीपचंद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 1 सितंबर को वह घर के साथ बने कमरे में 10 बकरी व पांच बकरी के बच्चे कमरे में बंद कर घर पर जाकर सो गया था। अल सुबह करीब 3:50 बजे उठकर देखा तो बकरी का एक बच्चा गली में खड़ा मिला। कमरे का गेट खुला था। 10 बकरी व बकरी के 4 बच्चे नहीं मिले। अज्ञात चोर बकरियों व बकरी के बच्चों को चोरी कर ले गए। थाना औद्योगिक सेक्टर 29 में अशोक की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की पहचान व धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।

Comments