दिशा दिव्यांग स्कूल के बच्चों की दैनिक आवश्यकताओं एवं सुविधा हेतु एक सार्थक डोनेशन ड्राइव आयोजित की गई।
BOL PANIPAT : डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन के आधिकारिक दौरे के अवसर पर इनर व्हील क्लब पानीपत मिडटाउन को डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन पूजा गोयल के साथ दिशा दिव्यांग स्कूल (क्लब का हैप्पी स्कूल) जाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। इस अवसर पर क्लब द्वारा विद्यालय के बच्चों की दैनिक आवश्यकताओं एवं सुविधा हेतु एक सार्थक डोनेशन ड्राइव आयोजित की गई।
क्लब ने विद्यालय को एक 46 इंच स्मार्ट एलईडी टीवी, 5 कुर्सियाँ, डायपर्स, सैनिटरी पैड्स एवं ऊनी वस्तुएँ भेंट कीं। इस सहयोग से विशेष बच्चों के शिक्षण एवं देखभाल कार्यों में सहूलियत मिलेगी।
इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष रूपाली चोपड़ा एवं उपाध्यक्ष नीतू छाबड़ा विशेष रूप से उपस्थित रहीं। विद्यालय की प्रधानाचार्या शीना शर्मा ने इनर व्हील क्लब पानीपत मिडटाउन एवं जिला चेयरमैन पूजा गोयल का आभार व्यक्त किया।
क्लब अध्यक्ष रूपाली चोपड़ा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि “सेवा तभी सार्थक होती है जब वह समाज के सबसे विशेष और संवेदनशील वर्ग तक पहुँचे। दिशा दिव्यांग स्कूल के बच्चों के लिए किया गया यह प्रयास हमारे लिए गर्व का विषय है। यह हमारे क्लब का 100वाँ प्रोजेक्ट है, जिसे हम सेवा, समर्पण और करुणा की भावना के साथ पूर्ण कर पाए।”
डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन पूजा गोयल ने क्लब के सेवा भाव की प्रशंसा करते हुए कहा कि इनर व्हील क्लब पानीपत मिडटाउन निरंतर समाज सेवा के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। क्लब सदस्यों ने भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य जारी रखने का संकल्प लिया।

Comments