Tuesday, November 3, 2026
Newspaper and Magzine


“ChemCanvas: Exploring Chemistry Through Posters” विषय पर पोस्टर प्रस्तुति प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at November 3, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT : आई.बी. (पीजी) कॉलेज, पानीपत के रसायन विज्ञान विभाग द्वारा विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता एवं प्रस्तुतीकरण कौशल को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से “ChemCanvas: Exploring Chemistry Through Posters” विषय पर पोस्टर प्रस्तुति प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस गतिविधि में बी.एससी. के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रसायन विज्ञान से संबंधित विभिन्न विषयों को आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक पोस्टरों के माध्यम से प्रस्तुत किया।

प्रतिभागियों ने दैनिक जीवन में रसायन विज्ञान, पर्यावरण, स्वास्थ्य, उद्योग, उभरती हुई तकनीकों तथा विज्ञान से जुड़े अन्य समसामयिक विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने पोस्टरों में वैज्ञानिक तथ्यों के साथ चित्रों, आरेखों एवं वास्तविक जीवन से जुड़े उदाहरणों का प्रभावशाली ढंग से प्रयोग किया। प्रत्येक प्रतिभागी ने अपने पोस्टर के विषय एवं उसकी वैज्ञानिक उपयोगिता के बारे में प्रस्तुति भी दी।

प्रतियोगिता में प्राची ने प्रथम स्थान, दीक्षा ने द्वितीय स्थान तथा नैंसी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं जानवी और साक्षी को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। विजेता विद्यार्थियों को उनकी रचनात्मकता, वैज्ञानिक विषय-वस्तु तथा प्रभावी प्रस्तुतीकरण के आधार पर सम्मानित किया गया।

कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सतवीर सिंह ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों और कक्षा की सीमाओं से आगे बढ़कर विज्ञान को समझने तथा अपने ज्ञान को नवीन रूप में प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार और जिज्ञासा विकसित करना उच्च शिक्षा का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की और भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

रसायन विज्ञान विभाग के अध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ. विक्रम कुमार ने कहा कि “ChemCanvas” का उद्देश्य विद्यार्थियों के लिए रसायन विज्ञान को केवल सैद्धांतिक विषय न रखकर उसे दैनिक जीवन, पर्यावरण, स्वास्थ्य और आधुनिक तकनीक से जोड़कर समझने का अवसर प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि पोस्टर प्रस्तुति जैसी गतिविधियां विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच के साथ-साथ उनकी रचनात्मकता, विषय की समझ और संचार कौशल को भी विकसित करती हैं। उन्होंने सभी विजेताओं एवं प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. वसुंधरा मदान एवं सुमित, सह-समन्वयकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विभाग ने सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को भविष्य में भी ऐसी वैज्ञानिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया।

Comments


Leave a Reply