Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के 25 वें राष्ट्रीय महाधिवेशन के अवसर पर 21 सितम्बर को मोहाली में होगी रैली।

By LALIT SHARMA , in Politics , at July 14, 2025 Tags: , , ,

हरियाणा से हजारों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता होंगेशामिल 

BOL PANIPAT : 14 जुलाई भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के 25 वें राष्ट्रीय महाधिवेशन के अवसर पर 21 सितम्बर को मोहाली में होनी वाली रैली में हरियाणा से हजारों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल होंगें ,यह निर्णय आज यहां स्थानीय भगत सिंह स्मारक के स्वतंत्रता सेनानी टीकाराम सखुन हाल में सम्पन्न सीपीआई की हरियाणा राज्य कौंसिल की बैठक में लिया गया । बैठक की अध्यक्षता नरेश कुमार ठोल ने की और सीपीआई की राष्ट्रीय सचिव एवं प्रदेश प्रभारी कामरेड अमरजीत कौर ने वर्तमान राजनीतिक हालात पर विस्तार से चर्चा की। सीपीआई के राज्य सचिव दरियाव सिंह कश्यप ने राज्य में पार्टी गतिविधियों की रिपोर्ट पेश की।
कामरेड अमरजीत कौर ने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के चंडीगढ़ में होने वाले महाधिवेशन में पेश होने वाले राजनीतिक प्रस्ताव पर पर चर्चा करते हुए कहा कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी एक सशक्त,जीवंत और संघर्षशील पार्टी बन कर उभरे,जो जनता के जनमुद्दों पर संघर्ष की अगली क़तारों में खड़ी हो। सीपीआई मजदूरों, किसानों,युवाओं, छात्रों, महिलाओं सहित हाशिये पर खड़े तबके के बीच अपनी पहुंच बढायेगी,जन संगठनों को मजबूत करेगी और पार्टी का प्रगतिशील एवं क्रांतिकारी संदेश के कोने – कोने तक सभी माध्यमों से पहुचायेगी। उन्होंने कहा कि आर एस एस द्वारा निर्देशित भाजपा सरकार देश मेहनतकश जनता के खिलाफ नीतियां बनाकर मुट्ठी भर कारपोरेट घरानों को फायदा पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी के महाधिवेशन में सरकार की जनविरोधी,खेत – किसान विरोधी एवं मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ वामपंथी पार्टियों, धर्मनिरपेक्ष दलों एवं प्रगतिशील ताकतों को एकजुट करके बड़ा आंदोलन खड़ा करने की रणनीति तैयार करेगी।
कामरेड अमरजीत कौर ने कहा कि सीपीआई महाधिवेशन में पंचायतों से लेकर संसद तक सभी प्रतिनिधि निकायों में अपनी उपस्थिति बढ़ाने पर जोर देगी। उन्होंने कहा कि भाजपा और उसकी सहयोगी ताकतें देश में साम्प्रदायिक सद्भाव को छिन्न-भिन्न करके देश को फासीवादी रास्ते पर ले जाने की साज़िश रच रही है इसलिए भाजपा एवं उसकी सहयोगी पार्टियों को हराने के लिए पुरजोर कोशिश करनी होगी।
सीपीआई की राज्य कौंसिल ने हरियाणा सरकार द्वारा बिजली के दाम बढ़ाने, राशनकार्ड पर मिलने वाले सरसों तेल के दामों में भारी वृद्धि करने तथा गत कुछ ही दिनों में लाखों गरीब परिवारों को बीपीएल की सूची से बाहर निकाने की निंदा करते हुए अपने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया है कि आगामी दिनों में इन सवालों पर जनता को साथ लेकर धरने – प्रदर्शन आयोजित करें।
बैठक में संगठन के सवाल पर विस्तार से चर्चा की गई और सीपीआई की स्थापना के सौ वर्ष पूरा होने पर आगामी 26 दिसम्बर को गन्नौर में एक राज्य स्तरीय समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया गया, इस समारोह में राज्य में पार्टी के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रहे चुनिंदा कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा। नवंबर – दिसम्बर के महिनों में पार्टी के संघर्षों, बलिदानों एवं पार्टी की उपलब्धियों से जनता को जागरुक करने के लिए जागरण अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। बैठक में धर्म पाल सिंह चौहान,तिलक राज विनायक, हरभजन सिंह संधु, सत्येन्द्र गिरी,आर एन सिंह,पवन कुमार सैनी एडवोकेट, पूर्व पार्षद संतोष सैनी, डाक्टर सुखदेव सिंह जम्मू, मनीराम बेलरखा,राजीव वर्मा,अरुण कुमार शककरवाल, सतीश कुमार नाहड ,फूल सिंह इंदौरा, विदुर फोर एडवोकेट,नीरज चौहान एडवोकेट आदि ने विचार व्यक्त किये।

Comments