बाल विवाह जैसी गंभीर सामाजिक कुप्रथा के विरुद्ध विशेष जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया।
BOL PANIPAT : आई.बी.एल.पब्लिक स्कूल, पानीपत में बाल विवाह जैसी गंभीर सामाजिक कुप्रथा के विरुद्ध जागरूकता फैलाने हेतु दिनांक 15 अप्रैल 2026 को प्रातः 8:30 बजे विद्यालय परिसर में एक विशेष जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। यह पहल *बाल विवाह निषेध अधिनियम (PCMA), 2006* के प्रावधानों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को इस विषय के कानूनी, सामाजिक एवं नैतिक पहलुओं से अवगत कराने के उद्देश्य से की गई। इस सत्र में कक्षा VII, VIII, IX एवं XI के विद्यार्थियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में रजनी गुप्ता (प्रोटेक्शन ऑफिसर एवं चाइल्ड मैरिज प्रोहिबिशन ऑफिसर, पानीपत एवं सोनीपत) मुख्य अतिथि एवं वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं। स्कूल प्रबंधक युधिष्ठिर मिगलानी , प्रधानाचार्या अमिता चोपड़ा , उपप्रधानाचार्या मीना तनेजा व प्रशासनिक अधिकारी गोबिंद कालड़ा ने आए हुए अतिथि का पौधा, शॉल व स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया। रजनी गुप्ता ने अपने संबोधन में बाल विवाह के दुष्परिणामों, इसके कानूनी परिणामों तथा इसे रोकने में समाज की भूमिका पर प्रकाश डाला। उनके विचारों ने विद्यार्थियों को जागरूक नागरिक बनने तथा सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को बाल विवाह जैसी कुप्रथा को रोकने के लिए शपथ ग्रहण करवायी।
विद्यालय की प्रधानाचार्या अमिता चोपड़ा ने इस अवसर पर मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस सत्र से विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारी एवं प्रेरणा प्राप्त हुई है तथा सभी को बाल विवाह जैसी कुप्रथा के उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।

Comments