“नशा मुक्ति जागरूकता” विषय पर नुक्कड़ नाटक का सफल आयोजन किया।
BOL PANIPAT : आई. बी. स्नातकोत्तर महाविद्यालय, पानीपत में “नशा मुक्ति जागरूकता” विषय पर एक नुक्कड़ नाटक का सफल आयोजन अजय पाल सिंह के निर्देशन में किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के नशा विरोधी युवा क्लब द्वारा किया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से छात्रों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य सतवीर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि नशा समाज के लिए एक गंभीर और चिंताजनक समस्या है, जो न केवल व्यक्ति बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करती है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि युवा शक्ति देश का भविष्य है, इसलिए उन्हें नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहकर अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए तथा एक स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण में योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम संयोजक प्रो. अजय पाल सिंह ने अपने संबोधन में सभी विद्यार्थियों से अपील की कि वे नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाएं और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं और उन्हें सही दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति सदस्यों डॉ. शर्मिला यादव, डॉ. निर्मला, राहुल एवं अजय कुमार का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर बिमला देवी, ममता आदि भी उपस्थित रहे।

Comments