सुनार की दुकान में चोरी करने वाले गिरोह की एक महिला आरोपी गिरफ्तार. निशानदेही पर चोरीशुदा सामान खरीदने वाले आरोपी सुनार को यूपी से गिरफ्तार किया
BOL PANIPAT : 01 जून 2024, थाना शहर पुलिस ने रोशन महल के नजदीक सुनार की दुकान से सोने की अंगूठी चोरी करने वाले गिरोह की एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर चोरीशुदा अंगूठी खरीदने वाले आरोपी सुनार को यूपी के शामली से गिरफ्तार किया।
थाना शहर प्रभारी इंस्पेक्टर राजबीर सिंह ने बताया कि उनकी टीम को शुक्रवार को गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली की संदिग्ध किस्म की एक महिला इंसार बाजार में घूम रही है। पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर महिला को काबू कर पूछताछ की तो उसने अपनी पहचान मुस्कान पत्नी सेठद्दीन निवासी नागलोई दिल्ली के रूप में बताई। गहनता से पूछताछ करने पर आरोपी महिला ने अपनी एक अन्य साथी महिला के साथ मिलकर 17 फरवरी को रोशन महल के नजदीक सुनार की एक दुकान से सोने की अंगूठी चोरी करने की वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। चोरी की उक्त वारदात बारे थाना शहर में राजेश निवासी न्यू भगत नगर तहसील कैंप की शिकायत पर अभियोग दर्ज है।
इंस्पेक्टर राजबीर सिंह ने बताया कि थाना शहर में राजेश पुत्र सुदर्शन निवासी न्यू भगत नगर तहसील कैंप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसने रोशन महल के नजदीक सुनार की दुकान की हुई है। 17 फरवरी को बाद दौपहर दो महिलाएं दुकान पर आई और अंगूठियां दिखाने के लिए कहा। उसने अंगूठियां दिखाई तो दोनों महिलाओं ने प्रत्येक अंगूठी का वजन करने के लिए कहा। उसका ध्यान वजन करने में हुआ तभी महिला ने सोने की एक अंगूठी चुरा ली। दोनों महिलाओं के जाने के बाद सामान चेक करने पर उसको चोरी होने बारे पता चला। राजेश की शिकायत पर थाना शहर में अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपी महिलाओं की पहचान व धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।
इंस्पेक्टर राजबीर ने बताया कि पूछताछ में आरोपी महिला ने चोरीशुदा अंगूठी यूपी के शामली में एक सुनार को 8 हजार रूपये में बेचने बारे स्वीकारा। आरोपी महिला की निशानदेही पर पुलिस ने शुक्रवार देर शाम आरोपी सुनार को यूपी के शामली से गिरफ्तार किया। आरोपी सुनार की पहचान शिवम पुत्र विपिन निवासी शामली यूपी के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपी सुनार ने चोरीशुदा अंगूठी खरीदने बारे स्वीकारा।
अन्य वारदातों बारे पूछताछ करने व वारदात में शामिल फरार इसकी साथी आरोपी महिला के ठीकानों का पता लगा काबू करने व चोरीशुदा अंगूठी बेचकर हासिल की नगदी बरामद करने व आरोपी सुनार से चोरीशुदा अंगूठी बरामद करने के लिए पुलिस ने आरोपी महिला व सुनार को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से आरोपी महिला को 3 दिन के पुलिस रिमांड पर व आरोपी सुनार को 1 दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया।

Comments