Thursday, June 25, 2026
Newspaper and Magzine


आप ने खराब हुई गेहूं की फसल की विशेष गिरदावरी को लेकर सौंपा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन

By LALIT SHARMA , in Politics , at April 11, 2023 Tags: , , , , , ,

-आप नेता कृष्ण अग्रवाल, सुखबीर मलिक व राकेश चुघ के नेतृत्व में सरकार के प्रति जताया रोष
 -आप नेताओं ने लघु सचिवालय में डीआरओ को सौंपा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन

BOL PANIPAT :11 अप्रैल। आम आदमी पार्टी ने बारिश व ओलावृष्टि से बर्बाद हुई गेहूं की फसल की समय पर विशेष गिरदावरी नहीं करवाने और अनाज मंडियों में गेहूं की सुचारू रूप से खरीद नहीं होने के विरोध में मंगलवार को लघु सचिवालय प्रांगण में सरकार के खिलाफ रोष व्यक्त किया। उसके उपरांत आप नेता कृष्ण अग्रवाल, सुखबीर मलिक और राकेश चुघ के नेतृत्व में डीआरओ डा. राजकुमार भौरिया को मुख्यमंत्री मनोहरलाल के नाम ज्ञापन सौपा गया। इस मौके पर आप नेताओं ने कहा कि पूरे प्रदेश में इस बार करीब 20 लाख एकड़ फसल को बारिश व ओलावृष्टि से नुकसान हुआ है। इसके लिये सरकार ने स्पेशल गिरदावरी करने के आदेश दिये थे लेकिन करीब 10 दिनों में अब तक करीब 2.50 लाख एकड़ की ही गिरदावरी हुई है और अब करीब 17.50 लाख एकड़ की बचे हुए पांच दिनों में गिरदावरी होना संभव ही नहीं लग रहा है। जबकि गिरदावरी नहीं होने से खेतों में गिरी हुई गेहूं की फसल का दाना भी काला पडऩे लगा है। आप नेताओं का आरोप है कि सरकार जानबुझकर गिरदावरी करवाने में देरी कर रही है ताकि कम किसानों को मुआवजा देना पड़े। वहीं गेहूं का सीजन अब पीक पर है लेकिन अनाज मंडियों में गेहूं की सुचारू रूप से खरीद नहीं हो रही है। खरीद नहीं होने पर किसानों को रातभर अपने गेहूं की ढेरियों की अनाज मंडियों में रखवाली करनी पड़ रही है। आप नेता कृष्ण अग्रवाल, सुखबीर मलिक व राकेश चुघ ने संयुक्त रूप से कहा कि अब देरी किया बिना ही पोर्टल के हिसाब से किसानों को खराब हुई फसल का मुआवजा दिया जाये। इस अवसर पर प्रमोद गुप्ता, नीलम प्रणामी, दीपक बग्गा, हरीश सलूजा, राजकुमार मुंडे, अनिल पांडेय, अनिल शर्मा, योगेश कौशिक, असद व मुकेश शर्मा आदि मौजूद रहे।

Comments