अमित की पीटकर हत्या करने का आरोपी गिरफ्तार
बच्चों को खेलने से रोकने पर आरोपी पड़ोसी ने अमित की पीटकर हत्या कर दी थी
BOL PANIPAT , 05 अप्रैल : थाना पुराना औद्योगिक पुलिस ने भारती कॉलोनी में कॉलोनी निवासी अमित की पीटकर हत्या करने के एक आरोपी को शनिवार देर शाम को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान भारती कॉलोनी निवासी सुनील के रूप में हुई है।
थाना पुराना औद्योगिक प्रभारी सब इंस्पेक्टर विनोद ने बताया कि पुलिस ने आरोपी सुनील को रविवार को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ करने के साथ ही वारदात में नामजद फरार आरोपियों के ठीकानों का पता लगा पकड़ने का प्रयास करेगी।
यह है मामला
थाना पुराना औद्योगिक में भारती कॉलोनी निवासी सुमित पुत्र फूल सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह तीन भाई है। बड़ा भाई अमित 3 अप्रैल की शाम करीब 6/7 बजे घर के बाहर गली में कुर्सी डालकर बैठा था। पड़ोसी सुनील का लड़का बच्चों के साथ गली में क्रिकेट खेल रहा था। जो उनकी गेंद कई बार अमित के पास आकर गिरी। अमित ने बच्चों को कहा गेंद उसको लग जाएगी और उन्हें कुछ दूरी पर जाकर खेलने के लिए कहा। उसकी मां ने भी बच्चों को कुछ दूरी पर जाकर खेलने के लिए कहा। सुनील का लड़का कहने लगा वह यही खेलेंगे। इसी बीच सुनील की पत्नी नीलम वहां आकर अमित और उसकी मां के साथ कहासुनी कर गाली गलौज करने लगी। नीलम वहां से चली गई तो भाई अमित व उसकी मां भी घर के अंदर आ गए। कुछ देर बाद सुनील पत्नी व बेटे के साथ मिलकर उन्हें गाली गलौच करने लगा। भाई अमित और उसकी मां बाहर निकले तो तीनों ने मिलकर अमित के साथ मारपीट शुरू कर दी। अमित रेंप पर गिर गया। देर रात भाई अमित ने कहा उसे तकलीफ हो रही है। परिजन तभी अमित को एक नीजी अस्पताल में लेकर गए, जहा डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोपियों द्वारा मारी गई चोटों से उसके भाई अमित की मौत हुई है। थाना पुराना औद्योगिक में सुमित की शिकायत पर तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 103 (1), 3(5) के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच व आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी।

Comments