Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


अवैध पार्किंग करने वालों पर प्रशासन को कसना होगा शिकंजा: विधायक प्रमोद विज

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at November 8, 2024 Tags: , , , , , ,

-विधायक प्रमोद विज ने निगम व पुलिस अधिकारियों के साथ ट्रैफिक और विभिन्न मुद्दों को लेकर सचिवालय में की समीक्षा बैठक

-प्रशासन जीटी रोड़ पर वाहनों की अवैध पार्किंग करने वालों का करेगा चालान: डीसी

-20 सूत्रीय एजेंडा पर बैठक में विधायक ने दिए सुझाव

-रोड मैप तैयार करके करनी होगी कार्रवाई

BOL PANIPAT, 8 नवंबर। औद्योगिक नगरी को जाम से मुक्ति दिलाने व अवैध अतिक्रमण हटाने को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है। आगामी 15 दिन में इसके नतीजे जनता के समक्ष दिखाई देंगे। इसके संदर्भ में पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज ने शुक्रवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ जिला सचिवालय सभागार में 20 सूत्रीय एजेंडे पर बैठक की व निगम और पुलिस के सहयोग से इस कार्य को अंजाम तक पहुंचाने को लेकर मैप तैयार कर कार्य करने के निर्देश दिए। उपायुक्त डॉ वीरेंद्र कुमार दहिया ने विधायक को आश्वस्त किया कि इस कार्य को पूरा करने में प्रशासन उनका सहयोग करेगा।
उपायुक्त ने बताया कि जनहित के मुद्दों को लेकर वे स्वयं भी गंभीर है व इस दिशा में लगातार प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा की सडक़ पर अवैध पार्किंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उनके वाहनों के चालान भी किए जाएंगे। अवैध पार्किंग करने वालों पर 1 से 5 हजार तक का जुर्माना किया जाएगा। जरूरत पडऩे पर गाड़ी को इनपाउंड भी किया जा सकता है।
बैठक में शहरी विधायक ने कहा कि वो शहर को ऐसा बनाना चाहते हैं जिसमें जाम जैसी परेशानी कहीं भी नजर ना आए। उन्होंने फ्लाई ओवर के नीचे अलग से कम चार्ज में पार्किंग बनाने का सुझाव भी संबंधितअधिकारियों को दिया। उन्होंने कहा की कहीं भी गंदगी के भंडार व पानी का जमावड़ा न दिखाई दे इसकी व्यवस्था करनी होगी। विधायक ने कहा कि रेहड़ी वालों को भी परेशानी ना हो और जाम की स्थिति भी ना बने इसको लेकर बीच का रास्ता निकालना होगा। फिर अगली मीटिंग में इसका रिव्यु भी करेंगे। बैठक में विधायक ने जिन मुद्दों पर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बात की उनमें प्रमुख रूप से मॉडल टाऊन के अस्पतालो के सामने अनियंत्रित पार्किंग पर चर्चा कर इसका समाधान करने को लेकर कुछ जरूरी सुझाव भी दिए। उपायुक्त ने उस स्थान पर एक यातायात मजिस्ट्रेट व कई अधिकारियों की ड्यूटी भी लगाई।
विधायक ने मॉडल टाउन स्थित एक अस्पताल के पीछे कारों की पार्किंग और पानी के टैंकरों की आवाजाही से अतिक्रमण को हटाने की निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा की गलत तरीके से पानी के रिसाव से आम नागरिक को परेशानी का सामना करना पड़ता है। बैठक में विधायक ने स्काई लार्क रोड पर अनियंत्रित पार्किंग बंद करने के अलावा जाटल रोड, रिफाइनरी क्रॉसिंग और नहर पर यातायात की आवाजाही को व्यवस्थित करने के लिए ठोस कार्रवाई करने की बात भी कहीं।
विधायक ने बैठक में रिंग रोड मॉडल टाउन, विशेष रूप से स्टेडियम गेट के पास अस्थायी अवैध अतिक्रमण हटाने और यातायात की आवाजाही व्यवस्थित करने की भी निर्देश दिए। विधायक ने ईजी डे क्रॉसिंग पर अनियंत्रित यातायात, मॉडल टाउन, पुराने बाजार के अधिकांश भाग में अवैध अतिक्रमण और रेहड़ी वालों को अन्य स्थानों पर शिफ्ट करने की निर्देश दिए ताकि आवागमन में किसी भी तरह का असुविधा ना हो। उन्होंने बैठक में अधिकारियों के साथ नाला नंबर 1 से हो रहे अतिक्रमण को हटाने के लिए भी ठोस कार्यवाही करने लिए कहा। उन्होंने देवी मंदिर चौराहे पर यातायात को दुरस्त करने व जीटी रोड की सर्विस लेन पर अवैध पार्किंग पर अंकुश लगाने के लिए भी कहा।
विधायक ने बैठक में आवासीय क्षेत्र में ट्रांसपोर्टरों द्वारा ट्रकों की लोडिंग/अनलोडिंग के कारण स्वास्तिक रोड पर जो यातायात प्रभावित होता हैं उसका प्रबंध करने की निर्देश भी दिए। शिव चौक सनोली रोड से जावा पैलेस तक अतिक्रमण एवं यातायात संचालन में हो रही परेशानी को हल करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देश दिए। विधायक ने साईं बाबा चौक, वार्ड 10 पर यातायात के संचालन और सुखदेव नगर, सिटी बस स्टैंड के पास तिपहिया वाहनों की पार्किंग से होने वाली परेशानी का हल निकलने के लिए अधिकारियों की ड्यूटी लगाकर कार्यवाही करने की निर्देश दिए। शिव चौक पर कपड़े बेचने वालों का बाजार व फतेहपुरी चौक से बरसात रोड पर रेहड़ी विक्रेता के लिए अलग से जगह सुनिश्चित करने का सुझाव दिया।
उन्होंने बैठक में संजय चौक, सनोली रोड चौराहे पर तिपहिया वाहनों की स्थाई पार्किंग से जिस प्रकार से यातायात प्रभावित हो रहा है उसे पर ध्यान देने व उचित कार्रवाई करने के लिए अधिकारियों को कहा। उन्होंने विभिन्न मुख्य सडक़ों पर बिना किसी यात्री के तिपहिया वाहनों की आवाजाही से लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है इसका समाधान करने के लिए भी अधिकारियों को कहा। उन्होंने रोटरी क्लब द्वारा एसडी विद्या मंदिर, हुडा के निकट सडक़ के मध्य में जो बड़े पौधे लगाए गए है। उनसे यातायात बुरी तरह से प्रभावित होता है इसका समाधान तलाशने के लिए कहा। इस मौके पर एडीसी डॉ पंकज, निगम कमिश्नर, ज्वाइंट कमिश्नर मनी त्यागी, डीसीपी ट्रैफिक सुरेश सैनी के अलावा निगम के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त डॉक्टर पंकज ने कहा कि सर्दी के मौसम में दुर्घटनाओं से बचाव को लेकर रिफ्लेक्शन टैप भी निगम द्वारा लगानी चाहिए ताकि दुर्घटनाओं से बचाव किया जा सके। उन्होंने रोड मार्किंग स्पीड ब्रेकरो पर साइन की व्यवस्था भी करने की निर्देश दिए।

Comments