Tuesday, October 27, 2026
Newspaper and Magzine


चंडीगढ़ में अटल पेंशन योजना आउटरीच कार्यक्रम आयोजित

By LALIT SHARMA , in SOCIAL , at October 27, 2026 Tags: , , , ,

पात्र नागरिकों को सामाजिक सुरक्षा योजना से जोड़ने पर जोर; उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बैंकों को किया सम्मानित

BOL PANIPAT : चंडीगढ़, 27 अक्टूबर। अटल पेंशन योजना (APY) के प्रचार-प्रसार, पात्र नागरिकों को योजना से जोड़ने और पेंशन संबंधी सामाजिक सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मंगलवार को चंडीगढ़ में आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पेंशन निधि विनियामक एवं विकास प्राधिकरण (PFRDA), पंजाब नेशनल बैंक (PNB), पंजाब, हरियाणा एवं चंडीगढ़ की राज्य स्तरीय बैंकर्स समितियों (SLBCs), विभिन्न बैंकों के राज्य प्रमुखों, शाखा प्रमुखों तथा बैंकिंग कॉरेस्पॉन्डेंट (BC) एजेंटों ने भाग लिया।

राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति, पंजाब के उप महाप्रबंधक रामकिशोर मीना ने बताया कि कार्यक्रम में PFRDA के मुख्य महाप्रबंधक प्रवेश कुमार, पंजाब नेशनल बैंक के मुख्य महाप्रबंधक आशीष चतुर्वेदी, PNB चंडीगढ़ के मंडल प्रमुख संजीव कुमार झा, PNB मोहाली के मंडल प्रमुख बिस्वजीत बिस्वाल तथा राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति, हरियाणा के उप महाप्रबंधक ओमकारनाथ झा सहित विभिन्न राज्य सरकारों और नाबार्ड के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए PFRDA के मुख्य महाप्रबंधक प्रवेश कुमार ने अटल पेंशन योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक पात्र नागरिकों का पंजीकरण सुनिश्चित करने, योजना के लाभों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और बैंकिंग नेटवर्क के माध्यम से पेंशन कवरेज का विस्तार करने पर जोर दिया।

PNB के मुख्य महाप्रबंधक आशीष चतुर्वेदी ने कहा कि बैंक अधिकारियों, शाखा प्रमुखों और BC एजेंटों की भूमिका योजना को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण है। उनके माध्यम से आम नागरिकों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी देकर उनसे जोड़ा जा सकता है।

अटल पेंशन योजना के तहत 18 से 40 वर्ष की आयु के पात्र नागरिक निर्धारित अंशदान के आधार पर 60 वर्ष की आयु के बाद 1,000 रुपये से 5,000 रुपये तक की मासिक पेंशन प्राप्त करने के लिए पंजीकरण करवा सकते हैं, बशर्ते वे योजना की निर्धारित पात्रता शर्तों को पूरा करते हों।

कार्यक्रम के दौरान पिछले वर्ष उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति, पंजाब एवं हरियाणा सहित विभिन्न बैंकों को PFRDA की ओर से सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बैंकिंग नेटवर्क के माध्यम से अधिकाधिक पात्र नागरिकों को पेंशन सुरक्षा के दायरे में लाना और सामाजिक सुरक्षा के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना रहा।

Comments


Leave a Reply