Monday, July 27, 2026
Newspaper and Magzine


सभी राजनैतिक दल आदर्श आचार संहिता का पालन करते हुए प्रचार करें : डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE Elections , at March 22, 2024 Tags: , , , , , ,

BOL PANIPAT , 22 मार्च। लोकसभा आम चुनाव के दृष्टिगत उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया ने शुक्रवार को जिला के विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर कहा कि सभी राजनैतिक दल लोकसभा चुनाव को निष्पक्ष, स्वतंत्र व शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न करवाने के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी आदर्श आचार संहिता का पालन करते हुए प्रचार करें और प्रशासन को व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें।
डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया ने कहा कि कोई भी दल या प्रत्याशी ऐसा कोई कार्य न करें जिसमें विभिन्न जातियों, धार्मिक या भाषायी समुदायों के बीच मतभेदों को बढ़ाने की बात हो अथवा घृणा, तनाव पैदा हो। किसी भी सरकारी, गैर सरकारी निजी भवनों पर राजनैतिक दलों के उम्मीदवारों या उनके समर्थकों द्वारा बिना किसी अनुमति के चुनाव चिन्ह, नारे या पोस्टर चिपकाकर खराब करने का कोई अधिकार नहीं है। यदि किसी भी दल द्वारा ऐसा किया गया तो सम्पत्ति विरुपण निवारण एक्ट के तहत उनके विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी।
उन्होंने सभी राजनैतिक दलों से कहा कि सभी राजनैतिक दल अपने उम्मीदवारों को चुनाव आचारसंहिता के बारे में पूर्ण जानकारी दें। किसी भी रैली, जुलूस इत्यादि के लिए जिला प्रशासन की अनुमति से निश्चित स्थलों पर ही आयोजित करवाएं। चुनाव आयोग द्वारा जो भी हिदायतें दी गई है वे सभी समय-समय पर राजनैतिक दलों को उपलब्ध करवाई जाएंगी। इससे पूर्व में भी सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को विभिन्न निर्देशों की फोटोप्रतियां उपलब्ध करवाई गई हैं।
डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया ने कहा कि चुनाव आयोग की ओर से टोल फ्री नम्बर 1950 जारी किया गया है जिस पर कोई भी राजनैतिक दल या आमजन चुनाव से संबंधित शिकायत कर सकता है जिसका निवारण 100 मिनट में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पानीपत में कुल 449 स्थानों पर 876 बूथ बनाए गए हैं। यदि किसी उम्मीदवार का नाम मतदाता सूची में नही है तो वह 29 अप्रैल तक अपनी वोट बनवा सकता है।
उन्होंने सभी राजनैतिक दलों से अपील की कि वे लोगों को वोट डालने के लिए भी प्रेरित करें ताकि जिले में मतदान का प्रतिशत ज्यादा से ज्यादा हो। उन्होंने कहा कि यह एक पर्व की भांति है। इसलिए हम सभी को ज्यादा से ज्यादा मतदान करना चाहिए और इस प्रक्रिया में बढचढ कर भाग लेना चाहिए। बैठक में पानीपत शहरी विधानसभा के एआरओ एवं एडीसी पंकज यादव, पानीपत ग्रामीण विधानसभा के एआरओ व एसडीएम मनदीप सिंह, समालखा विधानसभा के एआरओ व एसडीएम अमित कुमार, तहसीलदार निर्वाचन सुदेश राणा सहित विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

Comments