आर्य पीजी कॉलेज ने 21वीं बार ओवर ऑल ट्रॉफी जीतकर रचा इतिहास, जोनल युवा महोत्सव के विजेता प्रतिभागियों का हुआ सम्मान
– जोनल युवा महोत्सव में आर्य कॉलेज का दबदबा बरकरार, 22 विधाओं में प्रथम, 12 में द्वितीय और 5 में तृतीय स्थान हासिल
– विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित कर किया प्रोत्साहित, विद्यार्थियों की उपलब्धि पर कॉलेज में हर्ष का माहौल
BOL PANIPAT , शुक्रवार 23 अक्टूबर 2026: आर्य पीजी कॉलेज, पानीपत ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र के तत्वावधान में आयोजित 21वें जोनल युवा महोत्सव में शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार 21वीं बार ओवरऑल ट्रॉफी अपने नाम कर इतिहास रच दिया। महोत्सव में आर्य कॉलेज के प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा, कला और रचनात्मकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 22 विधाओं में प्रथम, 12 में द्वितीय तथा 5 विधाओं में तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के उपलक्ष्य में शुक्रवार को कॉलेज के कॉन्फ्रेंस हॉल में विजेता विद्यार्थियों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान महाविद्यालय प्रबंधक समिति ने प्रतिभागियों को सम्मानित करते हुए उनकी उपलब्धि की सराहना की और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
उल्लेखनीय है कि 21वें जोनल युवा महोत्सव का आयोजन 14 से 16 अक्टूबर तक आर्य पीजी कॉलेज, पानीपत में किया गया था, जिसमें करनाल जोन के 41 से अधिक महाविद्यालयों के प्रतिभागियों ने 40 विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच आर्य कॉलेज के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर एक बार फिर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की और ओवरऑल ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
समारोह में महाविद्यालय प्रबंधक समिति के प्रधान सुरेंद्र सिंगला, महासचिव सीए कमल किशोर, कोषाध्यक्ष पीयूष आर्य, वरिष्ठ सदस्य एवं उप-प्रधान वीरेंद्र शिंगला, प्राचार्य प्रो. (डॉ.) जगदीश गुप्ता, उपाचार्या डॉ. अनुराधा सिंह, युवा एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के निदेशक डॉ. रामनिवास, प्रभारी डॉ. नीलू खालसा सहित समिति के सदस्यों एवं प्राध्यापकों ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई दी और इस उपलब्धि को पूरे महाविद्यालय परिवार के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।
इस अवसर पर महाविद्यालय प्रबंधक समिति के उप-प्रधान वीरेंद्र शिंगला ने कहा कि इस ऐतिहासिक सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की अथक मेहनत, समर्पण और महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता सहित सभी प्राध्यापकों के कुशल मार्गदर्शन को जाता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षित करना और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना सबसे पुनीत कार्यों में से एक है। विद्यार्थियों की प्रगति और उनकी उपलब्धियां ही किसी शिक्षण संस्थान की वास्तविक पहचान होती हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी कार्य को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और लगन के साथ किया जाए, तो सफलता अवश्य मिलती है। उन्हें पूर्ण विश्वास है कि आर्य कॉलेज के विद्यार्थी आगामी युवा महोत्सवों और ऑल इंडिया इंटर-यूनिवर्सिटी प्रतियोगिताओं में भी कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करेंगे।
महाविद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में प्राचार्य प्रो. (डॉ.) जगदीश गुप्ता ने कहा कि आर्य पीजी कॉलेज के विद्यार्थियों ने 21वीं बार ओवरऑल ट्रॉफी जीतकर महाविद्यालय की गौरवशाली परंपरा को और सशक्त किया है। 22 विधाओं में प्रथम, 12 में द्वितीय और 5 विधाओं में तृतीय स्थान प्राप्त करना विद्यार्थियों की प्रतिभा, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का प्रमाण है। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय के विद्यार्थी अनेक बार ऑल इंडिया इंटर-यूनिवर्सिटी युवा महोत्सवों में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इसके अतिरिक्त, विद्यार्थियों ने साउथ एशियन इंटर-यूनिवर्सिटी युवा महोत्सव में भी देश का प्रतिनिधित्व कर संस्थान का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि आर्य कॉलेज के मंच से अपनी प्रतिभा को निखारने वाले विद्यार्थी आज अंतरराष्ट्रीय संस्था यूनेस्को में भी कार्यरत हैं, जो महाविद्यालय के लिए गर्व की बात है।
डॉ. गुप्ता ने इस शानदार उपलब्धि के लिए युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के निदेशक डॉ. रामनिवास, प्रभारी डॉ. नीलू खालसा, डॉ. रजनी शर्मा, प्राध्यापक अकरम खान तथा सभी सहयोगी प्राध्यापकों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने बताया कि सम्मान समारोह के दौरान प्रबंधक समिति की ओर से सभी विजेता प्रतिभागियों को 500-500 रुपये की नकद राशि एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
महाविद्यालय की उपाचार्या डॉ. अनुराधा सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर पूरे कॉलेज परिवार को गर्व है। आर्य कॉलेज के विद्यार्थी शिक्षा, कला, संस्कृति और अन्य गतिविधियों में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रबंधक समिति का सदैव प्रयास रहता है कि विद्यार्थियों को उनकी प्रतिभा निखारने के लिए आवश्यक सुविधाएं और अनुकूल वातावरण उपलब्ध करवाया जाए। लगातार 21 वर्षों तक करनाल जोन के युवा महोत्सव में ओवरऑल ट्रॉफी जीतना विद्यार्थियों के कठोर परिश्रम, शिक्षकों के समर्पण और संस्थान की सुदृढ़ सांस्कृतिक परंपरा का परिणाम है।
युवा एवं सांस्कृतिक विभाग के निदेशक डॉ. रामनिवास ने कहा कि जोनल युवा महोत्सव में मिली शानदार सफलता से विद्यार्थियों का उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ा है। विद्यार्थी अब कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय रत्नावली महोत्सव और इंटर-जोनल युवा महोत्सव की तैयारियों में जुट गए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि विद्यार्थी आगामी प्रतियोगिताओं में भी अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय, पानीपत जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
समारोह का कुशल एवं प्रभावशाली मंच संचालन डॉ. रजनी शर्मा ने किया, जिन्होंने कार्यक्रम को गरिमामय एवं सुव्यवस्थित स्वरूप प्रदान किया।
इस अवसर पर डॉ. नीलू खालसा, डॉ. संतोष टिक्कू, प्रो. उमेद, डॉ. अनिल वर्मा, प्रो. विवेक गुप्ता, डॉ. मनीषा डूडेजा, प्राध्यापिका आस्था गुप्ता, प्रा. माणिक गुप्ता, प्राध्यापिका नेहा बंसल, अंजू मलिक, दीक्षा नंदा, श्रेया बरेजा, अंजू शर्मा सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापक एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

Comments