विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने शिवाजी स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया.
BOL PANIPAT : 26 जनवरी। हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने 76 वें गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर शिवाजी स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में बतौर मुख्य अतिथि राष्ट्रीय ध्वज फहराया और प्रदेशवासियों को शुभ संदेश दिया। समारोह में विभिन्न टुकड़ियों ने परेड कमांडर डीएसपी ज्योति के नेतृत्व में मार्च पास्ट किया और विधानसभा अध्यक्ष ने परेड का निरीक्षण भी किया।

उन्होंने 76 वें गणतंत्र दिवस के पावन पर्व पर सभी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी ।उन्होंने यहां पर उपस्थित सभी स्वतंत्रता सेनानियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया. उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों को भी नमन किया, जिनके अमर बलिदानों से हमें गणतंत्र दिवस मनाने का यह गौरवशाली अवसर प्राप्त हुआ है। 75 वर्ष पहले सन 1950 में आज ही के दिन हमारा संविधान लागू हुआ था। इसी संविधान के कारण हम सभी को समान न्याय, स्वतंत्रता एवं समानता का अधिकार मिला।
हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने कहा कि आज हम संविधान में दिए गए जिन हकों का इस्तेमाल कर रहे हैं, वे डा. अंबेडकर जी की ही देन है। वोट देने का जो अधिकार आज देश में किसी अमीर को है, वही अधिकार एक गरीब व्यक्ति को भी है। हमारे संविधान में समाज के कमजोर वर्गों, पिछड़े लोगों और अनुसूचित जाति के लोगों के उत्थान के लिए जो व्यवस्थाएं की हैं वह भी बाबा साहेब की देन है। उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि आज हम भारत के संविधान का 76 वां गणतंत्र महोत्सव मना रहे हैं। पूरे देश में हमारा संविधान- हमारा अभियान कार्यक्रम चलाया जा रहा है। हाल ही में प्रदेश की राजधानी चंडीगढ़ सहित सभी जिला मुख्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों में सामूहिक संविधान प्रस्तावना वाचन का आयोजन किया गया। पवित्र संविधान के प्रति सरकार की सच्ची आस्था व निष्ठा को दर्शाता है। यह युवा पीढ़ी को संविधान की मूल भावना से अवगत करवाने की एक अनूठी पहल है, जो प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की आजादी के बाद पहली बार व्यापक स्तर पर की गई है।
उन्होंने कहा कि आज का यह ऐतिहासिक दिन देशवासियों को एक मजबूत राष्ट्र के रूप में आगे बढऩे के लिए साहस और प्रेरणा देता है। इस दिन हम उन महापुरुषों को भी याद करते हैं, जिन्होंने भारत को स्वतंत्रता दिलवाने और भारतीय संविधान को लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। देश को आजादी दिलाने के लिए राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, लाला लाजपत राय, सरदार वल्लभ भाई पटेल, डा. राजेन्द्र प्रसाद, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जैसे महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों ने कड़ा संघर्ष किया। शहीद भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव, चंद्रशेखर आजाद और उधम सिंह जैसे क्रांतिकारियों के बलिदानों के कारण ही आज हम खुली हवा में सांस ले रहे हैं।

आज – हर सरकारी योजना के पारदर्शी तरीके से लागू किए जाने से घर बैठे गरीब की बेटी की शादी का शगुन, बुजुर्ग, विधवा व दिव्यांगों की पेंशन, बी.पी.एल. कार्ड, चिरायु कार्ड का लाभ, किसानों को उनकी फसल का भुगतान कम्प्यूटर की एक क्लिक से सीधे पात्र व्यक्ति के खाते में जाता है।
हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने कहा कि प्रदेश के विद्यार्थियों के लिए ई-लर्निंग पहल गूगल ड्राइव के माध्यम से टच स्क्रीन पी.डी.एफ. फाइल-आधारित एक्सेस के साथ, ई-कंटेंट प्लेटफॉर्म पर सभी पाठ्यक्रमों की अध्ययन सामग्री उपलब्ध करवाई गई है। वर्ष 2021-22 में उच्च शिक्षा में राज्यवार सकल (कुल) नामांकन अनुपात 33.3 प्रतिशत है। नई शिक्षा नीति का एक लक्ष्य वर्ष 2030 तक उच्चतर शिक्षा में लड़कियों का सकल नामांकन अनुपात प्रतिशत से अधिक करना है। इस दिशा में भी हरियाणा प्रदेश काफी आगे है। हमारे यहां लड़कियों का सकल नामांकन अनुपात 33.3 प्रतिशत है। हम 2030 से बहुत पहले ही 50 प्रतिशत के लक्ष्य को प्राप्त कर लेंगे।

उन्होंने कहा कि सरकार ने कृषि, उद्योग, व्यापार, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य आदि हर क्षेत्र में भी ई-गवर्नेंस के माध्यम से क्रांतिकारी बदलाव किए हैं। जिस प्रकार, परिवार पहचान पत्र के डाटा से विभिन्न योजनाओं का लाभ लोगों को घर बैठे मिल रहा है, उसी प्रकार, कृषि क्षेत्र में ’मेरी फसल-मेरा ब्यौरा’ पोर्टल बनाकर किसान कल्याण की अनेक योजनाओं को इससे जोडा गया है। आज खेल जगत में हरियाणा का बडा नाम है। हमारे युवा बड़ी उपलब्धियां प्राप्त कर देश-प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। हमारी सरकार द्वारा मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार देने के साथ-साथ सरकारी नौकरियां दी जा रही हैं। अवॉर्ड पाने वाले खिलाड़ियों को मासिक मानदेय भी दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि टोक्यो ओलम्पिक-2020 में देश के 126 प्रतिभागियों में से हरियाणा प्रदेश के 32 खिलाड़ियों ने भाग लिया। भारत के 1.3 प्रतिशत क्षेत्रफल व 2.09 प्रतिशत आबादी वाले हरियाणा का ओलम्पिक खेलों में 50 प्रतिशत से अधिक मेडल का योगदान रहा है। टोक्यो ओलम्पिक 2020 में देश को प्राप्त 07 पदकों में से प्रदेश के खिलाड़ियों ने 1 स्वर्ण, 1 रजत तथा 2 कांस्य पदक प्राप्त किए। उन्होंने कहा कि हमने गांवों के विकास में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व दिया है। स्वामित्व योजना के तहत प्रदेश को लाल डोरा मुक्त बनाना व महिलाओं के लिए आजीविका के अवसर बढ़ाने के लिए एक-तिहाई राशन डिपो महिलाओं को देने का प्रावधान किया है। ‘अटल किसान मजदूर कैंटीन’ व वीटा बिक्री केन्द्रों का संचालन भी महिलाओं को सौंपा गया है।

हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने कहा कि हरियाणा में सड़कों का सुधार और नई सड़कों का निर्माण किया गया है। आज प्रदेश का हर जिला नेशनल हाईवे से जोड़ा गया है। केएमपी-केजीपी जैसी आधुनिक परियोजनाओं के बाद अब हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर भी बन रहा है और दिल्ली के सराय काले खां से करनाल तक आरआरटीएस रेल लाइन भी स्थापित की जा रही है। इन सब परियोजनाओं के पूरा होने से प्रदेश की जनता को बहुत लाभ होगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में वर्ष 2014-15 में खाद्यान्न उत्पादन 153.54 लाख टन था, जो कि वर्ष 2023-24 में बढ़कर 208.80 लाख टन हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिसंबर 2018 में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना आरंभ की गई थी, जिसके अन्तर्गत साल में तीन बार 2000-2000 रुपये की तीन किस्त किसान परिवार को उपलब्ध करवाई जाती है। हरियाणा के किसानों की शत प्रतिशत फसलों की एमएसपी पर खरीद की जा रही है। प्रदेश में 72 सिविल अस्पतालों, 122 सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, 532 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों और 2734 उप-स्वास्थ्य केन्द्रों में स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। बिजली विकास की धुरी होती है। औद्योगिक एवं घरेलू उपभोक्ताओं की बिजली की मांग को पूरा करने के लिए कटिबद्ध है। प्रदेश में बिजली उपभोक्ताओं की संख्या 2014-15 में 54.91 लाख से बढ़कर 80.56 लाख हो गई है। राजीव गांधी थर्मल पावर प्लांट, खेदड़, हिसार में 7250 करोड़ रुपए की लागत से 800 मेगावाट की अतिरिक्त अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर यूनिट स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है। यमुनानगर में 800 मेगावाट का प्लांट लगाया जाएगा।
हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने कहा कि पंचायतों, नगर निगम और पालिकाओं में भी पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षण को बढ़ाया गया। वर्तमान में पंचायती राज संस्थाओं के लिए बीसी-ए वर्ग में 8 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान था, अब बीसी-बी वर्ग के लिए भी 5 प्रतिशत आरक्षण लागू किया जाएगा। शहरी स्थानीय निकायों में बी.सी.-बी वर्ग के लिए 5 प्रतिशत आरक्षण लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उद्योग हमारी अर्थव्यवस्था का मूल आधार है। हमने हरियाणा के औद्योगिक विकास को गति देने के लिए ईज आफ डूइंग बिजनेस का एक इको-सिस्टम तैयार किया है। हमने प्रमाण पत्र, लाइसेंस और अनुमति देने में अड़चन पैदा करने वाले अनेक नियमों और प्रक्रियाओं को खत्म कर दिया है। आज हरियाणा में निवेशकों को ऑनलाइन सेवाएं प्रदान की जा रही हैं और उन्हें सभी स्वीकृति निर्धारित अवधि में देना सुनिश्चित किया गया है। आज हरियाणा देश-विदेश के निवेशकों की पहली पसंद बन गया है। हरियाणा राज्य के बस बेड़े में अक्टूबर, 2014 से अक्टूबर, 2024 तक 753 पुरानी बसों को तब्दील करते हुए नई स्टैण्डर्ड बसें शामिल की गई हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि वे हिंसा एंव भेदभाव मुक्त वातावरण में विकास प्रक्रिया में बराबरी का योगदान देते हुये शान से रहे सकें तथ बच्चों की अच्छी देखभाल के साथ एक सुरक्षित वातावरण दे सकें। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गिरते लिंगानुपात रोकने तथा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए 22 जनवरी, 2015 को पानीपत की ऐतिहासिक धरा से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ‘ कार्यक्रम की शुरुआत की थी। सरकार के प्रयासों से अब 10 वर्षों बाद प्रदेश का लिंगानुपात 861 से बढकऱ 910 पहुंच गया है। इसमें और सुधार के संजीदगी से प्रयास किए जा रहे हैं।

हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने कहा कि हमें अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए प्रतिज्ञा लेनी होगी और आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर भविष्य बनाना होगा। हम मिलकर भारत देश को एक मजबूत राष्ट्र बढ़ाएंगे। हम सब मिलकर सशक्त भारत विकसित भारत का निर्माण करेंगे। सभी नागरिकों को संविधान के प्रति सजग करेंगे और सबको समान रूप से जीने का अवसर प्रदान करेंगे। समारोह में हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने परेड का निरीक्षण किया और गैलेंट्री अवार्डी को सम्मानित भी किया। इस अवसर पर उपायुक्त डा. वीरेंद्र सिह दहिया,एसपी लोकेंद्र सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त पंकज यादव, सीईओ जिला परिषद नरेन्द्र पाल मलिक, एसडीएम ब्रह्म प्रकाश, नगराधीश टीनू पोसवाल, डीएसपी मुख्यालय सतीश वत्स, डीएसपी ट्रैफिक सुरेश सैनी जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बुरा के अलावा भाजपा के जिलाध्यक्ष दुष्यंत भट्ट, सांसद एंव केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के प्रतिनिधि सलूजा, शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा के भाई हरपाल ढांडा, पूर्व मेयर अवनीत कौर, समाजसेवी कंवर रविंद्र सैनी, अवतार शास्त्री, वेद पाराशर सहित जिला के सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Comments