16 नवम्बर को बनाए जाएंगे आयुष्मान कार्ड
विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव जी.अनुपमा ने दिए निर्देश।
BOL PANIPAT : 11 नवम्बर। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव जी.अनुपमा ने शुक्रवार को विडियो कांफ्रैंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिला उपायुक्तों व सिविल सर्जनों सहित सभी संबंधित अधिकारियों के साथ आयुष्मान कार्ड योजना को लेकर बैठक की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रदेशभर में 16 नवम्बर को विभाग द्वारा चिन्हित एक लाख 80 हजार वार्षिक आय से कम वाले परिवारों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव जी.अनुपमा ने कहा कि इस कार्य के लिए स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य सभी संबंधित अधिकारी तथा कर्मचारी अच्छी प्रकार से तैयारी करें। उन्होंने कहा कि यह योजना केन्द्र व प्रदेश सरकार की बहुुत ही महत्वकांक्षी योजना है। इस योजना के तहत अंत्योदय की भावना से कार्य करते हुए हर गरीब व्यक्ति का ईलाज करवाना सरकार ने अपने कंधों पर जिम्मेवारी ली है। आयुष्मान कार्ड के अंतर्गत कोई भी व्यक्ति 5 लाख रूपये तक का अपना ईलाज किसी भी प्राईवेट अस्पताल में करवा सकता है।
जिला में पांच जगह लगाए जाएंगे कैम्प-उपायुक्त
बैठक उपरांत जिला उपायुक्त सुशील सारवान ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश सरकार के आदेशानुसार 16 नवम्बर को आयुष्मान योजना के अंतर्गत नये कार्ड बनाए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिला में इस कार्य के लिए सिविल अस्पताल पानीपत, सिविल अस्पताल समालखा, शहरी स्वास्थ्य केन्द्र सेक्टर 25 के अतिरिक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नौल्था व मडलौडा में 16 नवम्बर को कैम्प लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस दिन नये कार्ड परिवार पहचान पत्र के माध्यम से विभाग द्वारा चिन्हित परिवारों के ही बनाए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग द्वारा परिवार पहचान पत्र के माध्यम से एक लाख 80 हजार से कम आय वाले परिवारों का चयन किया गया है, ऐसे परिवारों को विभाग द्वारा नये कार्ड हेतु रजिस्ट्रेशन के लिए 16 नवम्बर से पहले सूचना प्रेषित कर दी जाएगी।

Comments