Friday, July 17, 2026
Newspaper and Magzine


चिरायु हरियाणा योजना के तहत गरीबों को वितरित किए गए आयुष्मान कार्ड

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at November 21, 2022 Tags: , , , , ,

-गरीब ना होगा लाचार सबका होगा मुफ्त उपचार: अन्जू भाटिया

BOL PANIPAT , 21 नवंबर। करनाल लोकसभा क्षेत्र के सांसद संजय भाटिया की धर्मपत्नी अन्जू भाटिया ने कहा कि अब हरियाणा में गरीब परिवार उपचार के लिए स्वयं को लाचार महसूस नही करेगा। हरियाणा सरकार ने चिरायु हरियाणा योजना के तहत अब प्रदेश के ऐसे सभी परिवारों को 5 लाख तक का स्वास्थ्य बीमा लाभ देने का निर्णय लिया है, जिन परिवारों की वार्षिक आय एक लाख 80 हजार रुपये से कम हो। यह बात उन्होंने आज स्थानीय नागरिक अस्पताल में आयोजित आयुष्मान भारत योजना के तहत चिरायु हरियाणा योजना के शुभारम्भ अवसर पर कही।

सर्वे में ना हो किसी भी प्रकार की गड़बड़ी: ढांडा

पानीपत ग्रामीण विधायक महिपाल ढांडा ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि हरियाणा सरकार ने यह जनकल्याणकारी योजना आज से लागू की है। इस योजना के लागू होने से अब कोई भी गरीब परिवार बीमार होने की स्थिति में खुद को लाचार नही समझेगा और अच्छे अस्पताल में अपना इलाज करवा सकेगा। उन्होंने परिवार पहचान पत्र के अंतर्गत आर्थिक सर्वे करने वाले कर्मचारियों एवं अन्य लोगों को कहा कि किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम अंत्योदय परिवारों की सूची में शामिल होने से छूटना नही चाहिए। गरीबों के कल्याण के लिए हरियाणा सरकार की इस योजना एवं अन्य योजनाओं का लाभ परिवार पहचान पत्र के सर्वे के आधार पर मिलना है। इसलिए सर्वे करने वाले सभी ईमानदारी से और सेवाभाव से इस कार्य को करें ताकि हर पात्र परिवार परिवार पहचान पत्र से मिलने वाली योजनाओं का लाभ ले सके।

विधायक प्रमोद विज ने कहा कि  मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने बीपीएल का दायरा बढ़ाकर एक लाख 80 हजार रुपये किया है जिसके तहत आज चिरायु हरियाणा योजना के तहत प्रदेश भर में लाखों लोगों को सीधा लाभ पंहुचेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री धन्यवाद के पात्र हैं क्योंकि वे हर समय गरीब लोगों के कल्याण की सोचते हैं। उन्होंने पानीपत के सिविल अस्पताल के डॉक्टरों तथा अन्य कर्मचारियों की तारिफ करते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग का पूरा स्टाफ धन्यवाद का पात्र हैं। कोविड काल में यहां के सभी डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टॉफ ने दिन-रात निष्ठा से कार्य किया था। इस अवसर पर एसडीएम वीरेन्द्र ढुल, सीटीएम राजेश सोनी, सीएमओ डॉ. जयंत आहूजा, आयुष्मान भारत योजना के जिला नोडल अधिकारी डॉ. मनीष पाशी, पानीपत सिविल अस्पताल के आयुष्मान नोडल अधिकारी डॉ. अमित पोडिया सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Comments