Tuesday, April 28, 2026
Newspaper and Magzine


बांग्लादेश उच्च आयोग के प्रतिनिधि मंडल ने किया पानीपत का दौरा

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at March 12, 2022 Tags: , , ,

BOL PANIPAT ,12 मार्च-: बांग्लादेश के उच्च आयोग मुहम्मद इमरान की अध्यक्षता में शनिवार को दस सदस्यीय एक प्रतिनिधि मंडल ने पानीपत का दौरा किया। इस दौरान प्रतिनिधि मंडल के स्काईलारक में पहुंचने पर एसडीएम विजेन्दर ढूल व सीटीएम राजेश सोनी ने पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

दौरे के दौरान प्रतिनिधि मंडल में शामिल सदस्य इब्राहिम लोधी टोम्ब, काला आंब स्मारक स्थल, काबुल मस्जिद, कलंदर पीर दरगाह तथा गुरुद्वारा पाई लालू तहसील कैंप गए। प्रतिनिधि मंडल को पानीपत के एतिहासिक जानकार रमेश पूहाल ने विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि पानीपत में तीन लड़ाई कब-कब और किसके बीच हुई थी। उन्होंने बताया कि पानीपत को पुराने समय में दिल्ली का दरवाजा भी कहा जाता था क्योंकि बाबर ने पहली लडाई 1526 ई.में दिल्ली से आकर पानीपत में ही लडाई लड़ी थी ताकि दिल्ली से को कोई खतरा न हो और बाबर ने भी यही आकर अपना मजार लगाया था और उन्होंने अपनी पत्नी की मृत्यु के उपरांत उनकी याद में यहां मजार भी बनवाया था।

इसी कड़ी में उन्होंने बताया कि पानीपत महाभारत कालीन राजा दण्डपानी की पानीप्रस्थ के नाम से राजधानी भी होती थी। उन्होंने बताया कि शाहजहां भी जब दिल्ली से लाहौर ले लिए चलते थे तो पानीपत की काबुल बाग मस्जिद में नमाज पढ़ कर जाते थे। इसी प्रकार रमेश पूहाल ने प्रतिनिधिमण्डल को पानीपत के बारे मे अनेकों जानकारिया दी। सीटीएम राजेश सोनी ने प्रतिनिधि मंडल को जानकारी देते हुए बताया कि पानीपत औद्योगिक नगरी के नाम से भी दुनिया भर में प्रसिद्ध है क्योंकि यहां कम्बल , बैडशीट व हैंडलूम का औद्योगिक उत्पादन बहुत ज्यादा हैं । उन्होंने बताया कि ये व्यापार दुनिया भर की मार्किट में प्रसिद्ध हैं।

उन्होंने बताया कि एक समय में तो सेना के लिए कंबल , कपड़े इत्यादि ज़रूरत की चीजें पानीपत से ही जाती थीं। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने तहसील कैम्प के गुरुद्वारा पाई ललू में भी माथा टेका और गुरूद्वारे के प्रधान सेवक सुखविंदर ने गुरुदीक्षा प्रसाद के रूप मे भेंट की। इस दौरान उन्होंने गुरुद्वारे में बन रहे लंगर को भी खुद रसोई घर मे जाकर देखा और लाँगरियो से पूरी प्रक्रिया को समझा। इस अवसर पर उनके साथ जाकिर अहमद, अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष रफाकत हसन, जिला शिक्षा अधिकारी रमेश कुमार व वक्फबोर्ड के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहें।

Comments