विकसित भारत संकल्प यात्रा वंचित वर्गों तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की एक अनूठी पहल : महिपाल ढांडा
BOL PANIPAT, 25 दिसंबर। पानीपत ग्रामीण विधायक महिपाल ढांडा ने सोमवार को विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान गांव चंदौली व डेरा सिकलीगर में उपस्थित जन समूह को संबोधित करते हुए कहा कि 2047 तक भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस तरह से विकसित भारत का संकल्प लिया है, उस संकल्प में प्रत्येक देशवासी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का साथ देना होगा तभी यह संकल्प पूरा होगा।

महिपाल ढांडा ने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा पूरे देश में सरकार की प्रमुख योजनाओं को अंत्योदय की भावना से पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुरू की गई है। विकसित भारत संकल्प यात्रा प्रदेश के हर गांव और वार्ड में जा रही है।
पानीपत ग्रामीण विधायक महिपाल ढांडा ने कहा कि यह यात्रा सभी वर्गों विशेष कर वंचित वर्गों तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की एक अनूठी पहल है। इस मौके पर स्कूली विद्यार्थियों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी गई और ड्रोन का डेमो भी दिखाया गया।
पानीपत ग्रामीण विधायक महिपाल ढांडा ने सरपंच को अभिनंदन पत्र भी सौंपा। इस मौके पर एसडीएम मनदीप कुमार, डीडीपीओ सुमित चौधरी इत्यादि भी उपस्थित रहे।

Comments