Monday, July 27, 2026
Newspaper and Magzine


युवा बने अभियान का हिस्सा बनें, अपनी प्रतिभा को नई पहचान दें और नशा मुक्त भारत के निर्माण में निभाए सक्रिय भागीदारी: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at July 27, 2026 Tags: , , , , ,

नशे के खिलाफ युवा शक्ति का महासंकल्प, 31 जुलाई को होगी प्रतिभाओं की बड़ी प्रतियोगिता

नशा मुक्त युवा, विकसित भारत थीम पर आठ प्रतियोगिताओं में दिखेगा युवाओं का हुनर

जिला स्तर के विजेताओं को राज्य एवं राष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का मिलेगा अवसर

BOL PANIPAT , 27 जुलाई। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के मेरा युवा भारत (एमवाई भारत) प्लेटफॉर्म के माध्यम से संचालित नशा मुक्त भारत अभियान (एनएमबीए) के तहत जिले के युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और नशा मुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का सुनहरा अवसर मिल रहा है। नशा मुक्त युवा, विकसित भारत विषय पर आधारित जिला स्तरीय प्रतिभा खोज अभियान के अंतर्गत जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के लिए आठ विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।

इस अभियान के तहत युवा संवाद (वाद-विवाद), कलर्स ऑफ चेंज चित्रकला प्रतियोगिता, नारा लेखन, विषय आधारित नृत्य, डिजिटल संगीत एवं रैप, जागरूकता प्रश्नोत्तरी, स्लैम कविता पाठ तथा लघु वीडियो (रील्स) एवं शॉर्ट फिल्म निर्माण प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। प्रतियोगिता का आयोजन 31 जुलाई को गीता विश्वविद्यालय में किया जाएगा। आवेदन एवं पंजीकरण की अंतिम तिथि भी 31 जुलाई निर्धारित की गई है। इच्छुक युवा मेरा युवा भारत (एमवाई भारत) पोर्टल पर जाकर इवेंट्स (कार्यक्रम) अनुभाग में  जिले की प्रतियोगिता का चयन कर हिंदी अथवा अंग्रेजी में अपना ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं तथा अपनी प्रविष्टियां अपलोड कर सकते हैं।

उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और यदि यही शक्ति नशे के विरुद्ध जागरूकता का अभियान अपने हाथ में ले ले, तो समाज में सकारात्मक बदलाव निश्चित है। उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज के भविष्य को प्रभावित करता है। इसलिए प्रत्येक युवा का दायित्व है कि वह स्वयं नशे से दूर रहे और दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करे। यह प्रतियोगिता केवल प्रतिभा प्रदर्शन का मंच नहीं, बल्कि स्वस्थ, जागरूक और विकसित भारत के निर्माण का जनआंदोलन है। उन्होंने जिले के सभी युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इस अभियान को सफल बनाने की अपील की।

जिला युवा अधिकारी पूजा ने बताया कि इस प्रतिभा खोज अभियान का उद्देश्य युवाओं की रचनात्मक क्षमता को समाजहित से जोडऩा है। उन्होंने कहा कि विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवा अपने विचारों, कला, संगीत, कविता, नृत्य और डिजिटल माध्यमों से नशा मुक्ति का प्रभावशाली संदेश देंगे। जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को विशेष पहचान मिलेगी तथा उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त होगा। उन्होंने युवाओं से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना शीघ्र पंजीकरण कराने का आग्रह किया। उपायुक्त डॉ. हरीश ने सभी पात्र युवाओं से आह्वान किया है कि वे इस अभियान का हिस्सा बनें, अपनी प्रतिभा को नई पहचान दें और नशा मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

Comments


Leave a Reply