Saturday, September 5, 2026
Newspaper and Magzine


राजमिस्त्री की हत्या की ब्लाइंड वारदात काे सुलझाया

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at March 7, 2026 Tags: , , , , ,

-कहासुनी में थप्पड़ मारा तो हथोड़े से सिर पर वार कर उतारा था मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार

BOL PANIPAT , 07 मार्च : पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के नेतृत्व में सीआईए वन पुलिस टीम ने चुलकाना गांव के राजमिस्त्री इंतजार की हत्या की ब्लाइंड वारदात को सुलझा दिया है। पुलिस ने एक आरोपी को शुक्रवार शाम को समालखा में हथवाला मोड़ से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान गांव हथवाला हाल किरायेदार चुलकाना निवासी बारू उर्फ सन्नी के रूप में कराई है।

सीआईए वन प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार ने बताया कि बीती 19 फरवरी को समालखा थाना क्षेत्र के जौरासी रोड पर रजवाहे की पटरी पर एक युवक का खून से लथपथ हालत में शव पड़ा मिला था। समालखा थाना पुलिस ने शव को समालखा के सरकारी अस्पताल में रखवा पहचान के प्रयास शुरू कर दिए थे। 21 फरवरी को शव की पहचान इंतजार निवासी चुलकाना के रूप में की थी। इंतजार की पत्नी शबाना ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसका पति इंतजार राजमिस्त्री था। वह 18 फरवरी को बाद दोपहर करीब 2:30 बजे पानीपत से सब्जी लेकर आने की बात कहकर घर से निकला था। उसके बाद वह घर नहीं आया। 21 फरवरी को उसको पता चला की जौरासी रोड पर रजवाहे के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है। शव को समालखा के सरकारी अस्पताल में रखा गया है। वह सरकारी अस्पताल पहुंची और कपड़ों से शव की ​​शिनाख्त की। शव उसके पति इंतजार का था। उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। उसके पति की किसी ने हत्या कर शव नहर की पटरी पर फेंका है। थाना समालखा पुलिस ने में शबाना की शिकायत पर बीएनएस की धारा 103(1) के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों के हवाले कर आरोपियों की तलाश में जुट गई थी।

प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईए वन पुलिस टीम को आरोपियों की पहचान व धरपकड़ की जिम्मेदारी सौंपी थी। सीआईए वन की टीम ने विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही अपने सभी सोर्स एक्टिव कर शुक्रवार देर शाम मिली गुप्त सूचना पर आरोपी को समालखा में हथवाला मोड़ से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान बारू उर्फ सन्नी पुत्र सुरेश निवासी हथवाला हाल किरायेदार चुलकाना के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी बारू उर्फ सन्नी ने इंतजार की हत्या करना स्वीकारा।

मामूली कहासुनी में थप्पड़ मारा तो हथोड़े से सिर पर वार कर हत्या की

प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया वह चुलकाना से समालखा के बीच ई-रिक्शा चलाता है। 18 फरवरी को शाम करीब 7:30 बजे चुलकाना से अन्य सवारियों के साथ इंतजार भी उसकी ई रिक्शा में बैठकर समालखा आया था। समालखा में सवारियों के उतरने के बाद इंतजार कहने लगा उसको शराब पीनी है। उसे ई-रिक्शा को सुनसान जगह पर लेकर चलने के कहा। इंतजार ने कहा था वह शराब पीने के बाद उसके साथ वापिस गांव में चलेगा और इस काम के उसको पैसे देगा। वह ई-रिक्शा में इंतजार को जौरासी रोड पर रजवाहे की पटरी पर ले गया। वहां इंतजार नहर की पटरी पर बैठकर शराब पीने लगा। इंतजार शराब पीने के दौरान उसकी पत्नी के बारे में अपशब्द कहने लगा। उसने इंतजार को ऐसा न बोलने के लिए कहा। इसको लेकर दोनों के बीच कहासुनी व हाथापाई हो गई। इंतजार ने उसको थप्पड़ मारे तो वह ई रिक्शा से हथोड़ा निकाल लाया और इंतजार के सिर पर प्रहार कर दिया। वह शव को मौके पर छोड़ कर ई-रिक्शा लेकर फरार हो गया था।

प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार ने बताया कि पुलिस ने शनिवार को आरोपी बारू उर्फ सन्नी को माननीय न्यायालय में पेश किया जहां से उसे 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से वारदात में प्रयुक्त हथोड़ा व ई रिक्शा बरामद करने का प्रयास करेगी।

Comments