11 सप्ताह तक चलेगा स्वच्छ शहर अभियान : डॉ पंकज यादव
BOL PANIPAT : 27 अगस्त। निगम आयुक्त डॉ पंकज यादव ने कहा कि हरियाणा सरकार के निर्देश पर स्वच्छ शहर अभियान चलाया जा रहा है। यह स्वच्छ संकल्प अभियान लगातार जारी रहेगा। आमजन भागीदारी व सह भागीदारी के साथ हम सब को मिलकर 11 सप्ताह तक यह अभियान चलाना है।
उन्होंने कहा कि इसमें सभी सामाजिक संगठन, व्यापारिक संगठन आम नागरिक तथा सरकारी अमला मिलकर काम करेगा। इस अभियान के दौरान गली मौहल्ले, चौक चौराहों, सरकारी भवन तथा पार्क आदि पर गहन स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने शहर के सभी सामाजिक संगठनों से अपील की है कि वे व्यक्तिगत रुचि के साथ जिला प्रशासन का सहयोग करें।
निगम आयुक्त डॉ पंकज यादव ने कहा कि लगातार नागरिकों से अपील की जा रही है कि वे कहीं भी खुले में कूड़ा ना फैंके, निर्धारित स्थान पर ही डालें। हम गंदगी फैलाएंगे नहीं तो उठाने की नौबत ही नहीं आएगी। उन्होंने कहा कि यह जन अभियान है। वातावरण को साफ व स्वच्छ रखना केवल सरकार का नहीं, बल्कि समाज को साथ मिलकर चलना होगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान के दौरान अच्छा काम करने वाले को पुरस्कृत भी किया जाएगा।

Comments