Friday, August 21, 2026
Newspaper and Magzine


ढाबे से खाना खाकर लौट रहे चालक पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला करने के दो और आरोपी गिरफ्तार

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at August 21, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT , 21 अगस्त : सीआईए थ्री पुलिस ने सेक्टर-25 स्थित ट्रक यूनियन पार्किंग के पास ढाबे से खाना खाकर लौट रहे चालक पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला करने के दो और आरोपियों को बुधवार शाम को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान सुताना गांव निवासी अनिल और जाटल रोड स्थित एकता कॉलोनी निवासी कमल के रूप में हुई है।

सीआईए थ्री प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि पूछताछ में दोनों आरोपियों ने मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके सुताना निवासी अपने साथी सचिन व फरार दो अन्य साथी आरोपियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि फोन पर हुई गाली-गलौज की रंजिश रखते हुए चालक को सबक सिखाने के लिए उस पर हमला किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक बाइक और डंडा बरामद कर दोनों आरोपियों को वीरवार को पूछताछ के बाद माननीय न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके आरोपी सचिन के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त डंडा बरामद कर आरोपी को जेल भेजा जा चुका है।

यह है मामला

थाना चांदनी बाग में गांव ग्वालड़ा निवासी इंदु ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उनका ट्रांसपोर्ट का काम है। गांव अहर कुराना निवासी अजय पुत्र राममेहर करीब तीन साल से उनकी गाड़ी पर चालक के तौर पर काम कर रहा है।
7 जुलाई की रात अजय ढाबे पर खाना खाने गया था। वह देर रात तक वापस नहीं आया तो दूसरी गाड़ी पर तैनात चालक विक्रम ने उसकी तलाश शुरू की। ट्रांसपोर्ट नगर की पार्किंग के पास झाड़ियों में अजय खून से लथपथ हालत में मिला। विक्रम ने उसे इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।
शिकायत में इंदु ने बताया कि अस्पताल में अजय ने उसे पूरी घटना बारे बताया। अजय ने बताया कि वह रात करीब 2 बजे ढाबे से खाना खाकर वापस आ रहा था। रास्ते में ट्रांसपोर्ट नगर की पार्किंग के नजदीक सत्यम अस्पताल के सामने खाली मैदान में बाइकों पर सवार होकर आए सुताना निवासी सचिन और उसके चार-पांच अन्य साथियों ने उसका रास्ता रोककर मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने रॉड और तेजधार हथियार से हमला कर उसके सिर व चेहरे पर चोटें मारीं। मारपीट के बाद आरोपी उसको मरा हुआ समझकर झाड़ियों में फेंककर मौके से फरार हो गए। थाना चांदनी बाग में इंदु की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।

Comments


Leave a Reply