Tuesday, June 16, 2026
Newspaper and Magzine


विशेष गहन पुनरीक्षण पर आयोग सख्त, गैरहाजिर बीएलओ होंगे सस्पेंड: संजय कुमार

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at June 16, 2026 Tags: , , , , , ,

मतदाता सूची पुनरीक्षण की समीक्षा, फॉर्म वितरण और प्रशिक्षण पर निर्वाचन आयोग की पैनी नजर

हर पात्र मतदाता तक पहुंचे अभियान, लापरवाही करने वालों पर होगी कार्रवाई: उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ

निर्वाचन आयोग ने परखी  तैयारियां, 912 मतदान केंद्रों पर विशेष पुनरीक्षण अभियान तेज़

BOL PANIPAT , 16 जून। निर्वाचन आयोग के डिप्टी इलेक्शन कमिश्नर संजय कुमार ने मंगलवार को विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विशेष एवं व्यापक समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि ड्यूटी के दौरान गैरहाजिर पाए जाने वाले बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने  तुरंत  सस्पैंड किया जाएगा।  उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा की जो लक्ष्य निर्धारित किया है उसे 100 प्रतिशत पूरा किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वो मतदाता सूची पुनरीक्षण जैसा महत्वपूर्ण कार्य पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने सभी को समन्वय बना कर टीम वर्क के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने गणना प्रपत्रों के वितरण, बीएलओ की उपलब्धता, प्रशिक्षण तथा जमीनी स्तर पर अभियान की प्रगति की विस्तृत जानकारी अधिकारियों से ली। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फॉर्म वितरण की स्थिति कमजोर नहीं होनी चाहिए । जितना कार्य बचता है उसे जल्द पूरा करें। उपायुक्त ने कहा कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन निर्वाचन आयोग का अत्यंत महत्वपूर्ण अभियान है, जिसके माध्यम से मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और पारदर्शी बनाया जा रहा है। गौरतलब है कि जिले में एक संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत चार विधानसभा क्षेत्र—पानीपत ग्रामीण, पानीपत शहर, इसराना (अनुसूचित जाति) और समालखा—शामिल हैं। जिले में कुल 26 निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) एवं सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (एईआरओ) की व्यवस्था है व कुल 912 मतदान केंद्र हैं।

उपायुक्त ने बताया कि वर्तमान में जिले में कुल 9 लाख 66 हजार 687 मतदाता दर्ज हैं। स्वयं एवं परिवार आधारित मैपिंग की स्थिति में इसराना विधानसभा क्षेत्र में 87.26 प्रतिशत, समालखा में 75.64 प्रतिशत, पानीपत ग्रामीण में 45.13 प्रतिशत तथा पानीपत शहर में 40.05 प्रतिशत प्रगति दर्ज की गई है। विदित रहे कि जिला निर्वाचन अधिकारी, ईआरओ और एईआरओ के पदों पर नियुक्तियां पूर्ण हैं तथा अभियान के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उपायुक्त ने बताया कि जिले में कुल 112 सुपरवाइजर तथा 912 बीएलओ कार्यरत हैं। समालखा विधानसभा क्षेत्र के एक एईआरओ के अवकाश पर होने की जानकारी भी बैठक में दी गई। उपायुक्त ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा 671 बीएलए, कांग्रेस द्वारा 469, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माक्र्सवादी) द्वारा 26 तथा इंडियन नेशनल लोकदल द्वारा बीएलए नियुक्त किए गए हैं। विभिन्न दलों द्वारा कुल 1166 बूथ लेवल एजेंट नियुक्त किए जा चुके हैं।

उपायुक्त ने बताया कि जिले मे एस आई आर को गंभीरता से लिया जा रहा है 12 जून को पुन: प्रशिक्षण एवं समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बीएलओ का प्रशिक्षण 8 जून से 11 जून 2026 तक संपन्न कराया गया। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं बीएलए को भी विशेष पुनरीक्षण अभियान की प्रक्रिया, दावों और आपत्तियों की कार्यवाही तथा ईआरओ-नेट और ईसीआईनेट प्रणाली के संबंध में प्रशिक्षण दिया जा चुका है। उपायुक्त ने बताया कि फॉर्म की छपाई का कार्य केंद्रीकृत प्रणाली के तहत पूरी तरह संपन्न किया जा चुका है। दावों एवं आपत्तियों की अवधि को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ईआरओ और एईआरओ द्वारा बीएलओ को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए जा चुके हैं तथा राजनीतिक दलों के साथ नियमित बैठकें आयोजित कर अभियान की जानकारी साझा की जा रही है।

डिप्टी इलेक्शन कमिश्नर संजय कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन और विश्वसनीय बनाने के लिए अभियान को पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना चाहिए तथा अपात्र और डुप्लीकेट प्रविष्टियों को हटाने की प्रक्रिया भी पूरी सतर्कता के साथ की जाए। उन्होंने दोहराया कि ड्यूटी के दौरान गैरहाजिर पाए जाने वाले बीएलओ के विरुद्ध सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे, एसडीएम पानीपत मनदीप कुमार, एसडीएम समालखा अमित कुमार, एसडीएम इसराना नवदीप नैन, जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. किरण, नगराधीश टीनू पोसवाल, तहसीलदार सुरेंद्र, तहसीलदार वीरेंद्र गिल, तहसीलदार नरेंद्र दलाल, कैलाश, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त अरुण भार्गव, पब्लिक हेल्थ के कार्यकारी अभियंता करण बहल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Comments


Leave a Reply