डीबीजी राजकीय महाविद्यालय, पानीपत में साइबर सुरक्षा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन
35 विद्यार्थियों ने लिया भाग, आशुतोष, वृंदा और मीनाक्षी की टीम ने हासिल किया प्रथम स्थान
BOL PANIPAT , 19 अक्टूबर। देशबंधु गुप्ता राजकीय महाविद्यालय, पानीपत के कंप्यूटर विज्ञान विभाग द्वारा विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से साइबर सुरक्षा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में महाविद्यालय के 35 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा एवं ज्ञान का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता तीन चरणों में आयोजित की गई, जिनमें विद्यार्थियों के साइबर सुरक्षा संबंधी ज्ञान, तकनीकी समझ और जागरूकता का आकलन किया गया। प्रतियोगिता में टीम 1 के आशुतोष, वृंदा एवं मीनाक्षी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, टीम 2 के मोहित, लक्ष्य एवं संजीव ने द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि टीम 3 के मोहित सिन्हा, शिवम एवं वंश अहलावत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य श्री सुभाष चंद्र जागलान ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा का ज्ञान अत्यंत आवश्यक है। इस प्रकार की शैक्षणिक गतिविधियाँ विद्यार्थियों के तकनीकी ज्ञान को बढ़ाने के साथ-साथ उनमें तार्किक सोच, जागरूकता एवं आत्मविश्वास का भी विकास करती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहने तथा समाज के अन्य लोगों को भी डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक नीलम शर्मा, दीप्ति गाबा, योगिता गुलाटी, डॉ शिवम धवन, डॉ. रेनू, डॉ. मीनाक्षी एवं विकास यादव उपस्थित रहे। प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं को समझने तथा डिजिटल दुनिया में सुरक्षित व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया।

Comments