Saturday, April 18, 2026
Newspaper and Magzine


सीईटी परीक्षा के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह से तैयार, परीक्षार्थियों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता: डीसी डा. वीरेंद्र दहिया

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at July 21, 2025 Tags: , , , , ,

-पानीपत के परीक्षार्थी सोनीपत, तथा पानीपत में जींद व अन्य प्रदेशों के परीक्षार्थी देंगे परीक्षा
-डीसी के अधिकारियों को सख्त निर्देश बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों के साथ हो अतिथि जैसा व्यवहार
-डीसी ने जिले के 649 दिव्यांग परीक्षार्थियों को परीक्षा केद्र तक लाने ले जाने कि लगाई डयूटी, कार्ड हुए जारी,
-परीक्षा के लिए बनाए 29 केन्द्र, करीब 28 हजार परीक्षार्थी देंगे दोनों दिन चारों सत्रों में परीक्षा

BOL PANIPAT : 21 जुलाई। आगामी 26 और 27 जुलाई 2025 को प्रस्तावित कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (सीईटी) को लेकर जिला प्रशासन, पानीपत ने सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण कर ली हैं। डीसी डॉक्टर विरेन्द्र कुमार दहिया ने जिला में परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर सोमवार को जिला सचिवालय सभागार में सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं। डीसी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा के दोनों दिन अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सुरक्षा, परिवहन, स्वास्थ्य, सूचना एवं सहायता व्यवस्था सहित सभी पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा है कि परीक्षा में पारदर्शिता और सुचारु संचालन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सीईटी की परीक्षा को देखते हुए उपायुक्त ने शनिवार का सभी शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित किया है। उन्होंने कहा है कि शनिवार व रविवार को सभी कार्यालय खुले रहेंगे।

पानीपत के परीक्षार्थी सोनीपत में देंगे परीक्षा

डीसी ने बताया कि पानीपत जिले के अभ्यर्थियों को सोनीपत जिले में परीक्षा केंद्र आवंटित किए गए हैं। ऐसे में अभ्यर्थियों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए हरियाणा रोडवेज की ओर से पर्याप्त संख्या में विशेष बसों का संचालन किया जाएगा, जिनकी समय-सारणी व रूट चार्ट तैयार किया जा रहा है। यह जानकारी प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे परीक्षार्थी समय पर केंद्र पर पहुंच सकें।

हेल्प डेस्क और सुविधा केंद्र होंगे सक्रिय, परीक्षार्थियों के आवागमन के लिए होगी वाहनों की विशेष सुविधा, प्रशासन द्वारा की जाएगी जलपान की व्यवस्था

डीसी डॉक्टर विरेन्द्र कुमार दहिया ने बताया कि जिला में एक समर्पित हेल्प डेस्क की स्थापना की जाएगी, जो परीक्षा से एक दिन पहले और परीक्षा के दोनों दिनों में सुबह से शाम तक सक्रिय रहेगी। इस हेल्प डेस्क के माध्यम से बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों को मार्गदर्शन, बस सुविधा, परीक्षा केंद्र की जानकारी, गूगल मैप लोकेशन, और किसी भी प्रकार की सहायता तत्काल प्रदान की जाएगी। डीसी ने निर्देश दिए कि रेलवे स्टेशन पर बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों के लिए थ्री व्हीलर, बस, ई-रिक्शा, ईको की रहेगी सुविधा, जिला प्रशासन द्वारा जलपान की व्यवस्था की जाएगी।

जींद जिले व बाहर के राज्यो के अभ्यर्थियों के लिए बनाए गए में जिले मे 29 परीक्षा केंद्र

पानीपत जिले में जो परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, उनमें जींद के चार सत्रो में 12 हजार और दूसरे जिलो से 16 हजार अभ्यर्थी दोनों दिन परीक्षा देंगे। इन केंद्रों पर सुरक्षा, पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था, चिकित्सा सहायता और नियंत्रण कक्ष की व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर दी गई हैं।

एडमिट कार्ड हुए जारी, आयोग की वेबसाइट से करें डाउनलोड

डीसी ने यह भी जानकारी दी कि हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (सीईटी) 2025 – ग्रुप-सी परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं। अभ्यर्थी आयोग की अधिकृत वेबसाइट एचएसएससीडॉटजीओवीडॉटइन पर जाकर नोटिस सेक्शन में विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं तथा सीईटी2025ग्रुपसीडॉटएचआरवाईएसएससीडॉटकॉम लिंक के माध्यम से अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे परीक्षा से संबंधित निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें और समय पर अपने निर्धारित परीक्षा केंद्र पर पहुँचें।

रोडवेज द्वारा बस सुविधा हेतु रजिस्ट्रेशन प्रारंभ

सीईटी-2025 परीक्षा के लिए राज्य परिवहन विभाग (हरियाणा रोडवेज) द्वारा सुगम और सुरक्षित यात्रा योजना के अंतर्गत अभ्यर्थियों के लिए नि:शुल्क बस सेवा उपलब्ध कराई जा रही है। इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए अभ्यर्थियों को एक ऑनलाइन पंजीकरण फॉर्म भरना होगा, जिसमें पूरा नाम, मोबाइल नंबर, रोल नंबर, लिंग, प्रस्थान बिंदु, समाप्ति बिंदु, परीक्षा की तिथि व शिफ्ट तथा यात्रा तिथि जैसी जानकारी भरनी होगी। अभ्यर्थी इस पोर्टल के माध्यम से यह चयन कर सकते हैं कि उन्हें बस सेवा चाहिए अथवा नहीं। यह व्यवस्था परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में अभ्यर्थियों को सुगमता, सुरक्षा और समय की बचत सुनिश्चित करेगी। इच्छुक अभ्यर्थी इस लिंक जाकर एचटीटीपीएस://टीआईएनवाईयूआरएलडॉटकॉम/सीईटी-2025-ट्रेवल-रजिस्टेशन अपना पंजीकरण कर सकते हैं।

प्रशासनिक एवं सुरक्षा प्रबंध चाक-चौबंद

पुलिस अधीक्षक भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि परीक्षा की शुचिता एवं शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी, फ्लाइंग स्क्वॉड और निरीक्षण दलों की व्यवस्था की गई है। साथ ही, बिजली, स्वास्थ्य सेवाओं तथा अन्य आकस्मिक जरूरतों के लिए संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

जिले के दिव्यांग परीक्षार्थी अपने बीडीपीओ कार्यालय में सुविधा लेने के लिए दें जानकारी

डीसी ने जिले के ऐसे दिव्यांग परीक्षार्थी जो परीक्षा केन्द्रों तक आवागमन के लिए सहायता चाहते हैं उन्हें अपने सम्बंधित बीडीपीओ कार्यालय में अपनी जानकारी देनी होगी। इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा ग्राम सचिव व पटवारियों की डयूटी लगाई गई है। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. पकंज यादव, सीईओ जिला परिषद डॉ. किरण, पानीपत एसडीएम मनदीप कुमार, समालखा एसडीएम अमित कुमार, सीटीएम टिनू पोशवाल, डीएसपी सुरेश कुमार व सतीश वत्स, डीईओ राकेश बुरा सहित सम्बंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments