बच्चे को बांध कर उल्टा लटका पिटाई करने मामले में आरोपी ड्राइवर व प्रिंसिपल गिरफ्तार
BOL PANIPAT : 29 सितंबर 2025, थाना माडल टाउन पुलिस ने जाटल रोड स्थित एक निजी स्कूल में 7 वर्षीय दूसरी कक्षा के बच्चे को बांधकर खिड़की पर उल्टा लटका पिटाई करने मामले में स्कूल प्रिसिंपल व वैन चालक को गिरफ्तार किया । आरोपियों की पहचान वैन चालक अजय व प्रिंसिपल रीना के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी अजय को रविवार देर शाम को व आरोपी रीना को सोमवार सुबह गिरफ्तार किया है।
थाना माडल टाउन प्रभारी सब इंस्पेक्टर जगमिंदर ने बताया कि पूछताछ में दोनों आरोपियों ने मिलकर उक्त वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ प्रिंसिपल बच्चों से स्कूल में कुड़ा कचरा उठवाती थी और आरोपी चालक बच्चों से जबरदस्ती चाचा कहलवाता था। यह सब नहीं करने वाले बच्चे को डराते व धमकाते थे। दोनों आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि बच्चा थोड़ा शरारती था। सबक सिखाने के लिए दोनों ने मिलकर 22 अगस्त को स्कूल में बच्चे को कमरें में रस्सी से पैर बांधकर जाली में उल्टा लटका दिया। आरोपी ड्राइवर अजय ने बच्चे को इस दौरान थप्पड़ भी मारे। दोनों ने बच्चे को डराया कि यह बात किसी को बताई तो दोबारा लटका देगे। आरोपी अजय ने इसकी अपने फोन में बच्चे की फोटी खींच ली। बाद में फोटो जानकार को भेज दी और उसने सोशल मीडिया पर वायरल कर दी।
पुसिल ने सोमवार को दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उन्हें 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से गहनता से पूछताछ करेगी।
यह है मामला
थाना माडल टाउन में मुखिजा कॉलोनी निवासी एक महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उनके दो बच्चे है। बड़ा बेटा 7 साल का है, जोकि जाटल रोड स्थित श्रीजन पब्लिक स्कूल में दूसरी कक्षा में पढ़ता है। बेटे के स्कूल से आने जाने के लिए वैन लगवा रखी है। वैन का ड्राइवर रिफाइनरी निवासी अजय बिना किसी बात के बेटे से रंजिश रखते हुए टार्चचर करता था। उसने स्कूल प्रिंसिपल रीना को इस बात की शिकायत दी थी। प्रिंसिपल ने वैन ड्राइवर अजय पर कोई कार्रवाई नहीं की। बेटा डरा डरा से रहता था। 27 सितंबर को उसे पता चला स्कूल में बेटे के साथ गलत व्यवहार कर बेरहमी से मारपीट करते है। उसने फोन में इंस्टाग्राम आईडी पर एक वीडियो देखी जिसमें बेटे के दोनों पैर बांधकर स्कूल के कमरें में उल्टा लटका रखा है। यह देख वह एकदम से डर गई। तभी उसने अपने फोन से इसका स्क्रीम शॉट लिया और स्कूल प्रिंसिपल के पास भेजा। प्रिंसिपल रीना ने उसकी सुनवाई नहीं की। थाना माडल टाउन में महिला की शिकायत पर बीएनएस की धारा 115(2), 127(2), 351(2) व 75 जेजे एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच व आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी।

Comments