नशा तस्करी पर पानीपत पुलिस का कड़ा प्रहार
33 किलो 480 ग्राम गांजा सहित नशा तस्कर गिरफ्तार, सप्लायर की तलाश जारी
BOL PANIPAT , 24 सितंबर। पानीपत पुलिस द्वारा नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 33 किलो 480 ग्राम गांजा सहित एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सोनू निवासी देव नगर काबड़ी रोड पानीपत के रूप में हुई है।
एंटी नारकोटिक्स सेल इंचार्ज सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि बुधवार शाम एंटी नारकोटिक्स सेल पुलिस टीम गश्त के दौरान देवीलाल पार्क के पास मौजूद थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि टीडीआई फ्लाईओवर से उतरकर गोल चक्कर के पास एक युवक प्लास्टिक के दो कट्टों में मादक पदार्थ लेकर कही जाने की फिराक में खड़ा है। पुलिस टीम ने तुरंत त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश देकर युवक को काबू किया।
पूछताछ में उसने अपनी पहचान सोनू पुत्र सुरेश निवासी देव नगर काबड़ी रोड के रूप में बताई। पुलिस टीम ने नियमानुसार आरोपी व उसके पास मौजूद दोनों प्लास्टिक कट्टों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान दोनों कट्टों से गांजा बरामद हुआ। दोनों कट्टो से बरामद गांजा का वजन करने पर 33 किलो 480 ग्राम गांजा पाया गया।
चार-पांच दिन पहले उड़ीसा निवासी दोस्त देकर गया गांजा
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया वह नशा करने का आदी है। उसकी करीब 10 माह पहले उड़ीसा निवासी एक युवक से जान पहचान हुई थी। दोनों ने कुछ दिन पहले शार्टकट तरिके से पैसे कमाने के लिए मादक पदार्थ बेचने की साजिश रची। करीब चार-पांच दिन पहले उड़ीसा निवासी उसका दोस्त उसे गांजा देकर गया था। बुधवार को वह गांजे को लेकर टीडीआई पुल के नजदीक गोल चक्कर के पास छुपाने के लिए खड़ा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सेक्टर 13/17 में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर आरोपी सोनू को वीरवार को माननीय न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे 8 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से मादक पदार्थ सप्लाई के नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों तथा उसके उड़ीसा निवासी साथी आरोपी के बारे में पूछताछ कर पकड़ने का प्रयास करेगी।
पानीपत पुलिस की नशा बेचने और सप्लाई करने वालों पर पैनी नजर है। पानीपत पुलिस आमजन से भी अपील करती है कि नशे की बिक्री या सप्लाई से संबंधित कोई भी सूचना पुलिस को दें, ताकि नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

Comments