पीआरपीसी में ऊर्जा संरक्षण कार्यक्रम “सक्षम-2022” की उत्साहपूर्वक शुरूआत
BOL PANIPAT :- 11 अप्रैल, 2022,ऊर्जा संरक्षण पर जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य के साथ, श्री गोपाल चंद्र सिकदर, कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख, पीआरपीसी ने आज पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स (पीआरपीसी) में सक्षम-2022 का उद्घाटन किया। कार्यक्रम के प्रारंभ मे श्री सिकदर ने पीआरपीसी के अधिकारियों तथा कर्मचारियों को मुख्य-महाप्रबंधकगण, महा-प्रबंधकगण, उप-महाप्रबंधकगण, वरिष्ठ अधिकारियों, इंडियन ऑयल ऑफिसर्स एसोसिएशन (IOOA) और इंडियन ऑयल पानीपत रिफाइनरी कर्मचारी संघ (IPREU) के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में “सक्षम “ प्रतिज्ञा दिलाई । इससे पहले श्री उत्तपल डेका, मुख्य महाप्रबंधक (तकनीकी सेवाएं) ने स्वागत भाषण दिया।
इसके पश्चात, श्री जॉयदीप चौधरी, मुख्य महाप्रबंधक (परियोजना), ने श्री हरदीप सिंह पुरी, पेट्रोलियम व प्राकृतिक गैस मंत्री; आवास और शहरी मामले का संदेश पढ़ा । श्री मुकुल अग्रवाल, मुख्य महाप्रबंधक (पी एंड यू, आईटी) ने श्री रामेश्वर तेली, पेट्रोलियम व प्राकृतिक गैस तथा श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री का संदेश पढ़ा । श्री सुधांशु शेखर, मुख्य महाप्रबंधक (तकनीकी), पीएनसी ने श्री पंकज जैन, पेट्रोलियम व प्राकृतिक गैस मंत्रालाय के सचिव का संदेश पढ़ा। इसके अलावा श्री हितेश शाह, मुख्य महाप्रबंधक (तकनीकी) ने श्री एस एम वैद्य, अध्यक्ष, इंडियनऑयल का संदेश पढ़ा और अंत में, श्री चूरामन, मुख्य महाप्रबंधक (ईएस व निरीक्षण) ने सुश्री शुक्ला मिस्त्री, निदेशक (रिफाइनरीज) का संदेश पढ़ा। इस अवसर पर, ऑफिसर्स एसोसिएशन) तथा कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने भी ऊर्जा संरक्षण और स्वस्थ पर्यावरण बनाए रखने पर अपने विचार साझा किए ।

अपने उद्घाटन भाषण में, श्री सिकदर ने जोर देकर कहा कि इस वर्ष के सक्षम महोत्सव का विषय “हरित और स्वच्छ ऊर्जा अपनाएं, आजादी का अमृत महोत्सव मनाएं “ वास्तव में बहुत उपयुक्त जान पड़ता है क्योंकि इंडियनऑयल का पीआरपीसी हरित और स्वच्छ ऊर्जा दोनों के उत्पादन में बहुत कठिन परिश्रम से कार्य कर रहा है। उन्होंने आगे कहा कि आज भारत स्थापित अक्षय ऊर्जा क्षमता में विश्व में चौथे स्थान पर है। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि सतत और स्वच्छ वातावरण प्रदान करने की दिशा में कार्य करते हुए इंडियन ऑयल की पीआरपीसी हमेशा स्वच्छ ईंधन बनाने की दिशा में प्रयासरत रहती है।
समापन से पहले, श्री सिकदर ने सभी से अपील की कि वे आने-जाने के लिए सार्वजनिक परिवहन या कार पूलिंग का उपयोग करने और कम दूरी के लिए साइकिल का उपयोग कर व्यक्तिगत ऊर्जा खपत को और कम करने के लिए प्रतिबद्ध हों। उन्होंने आगे सभी से आग्रह करते हुए कहा कि ऊर्जा के अत्यधिक उपयोग से बचना चाहिए क्योंकि आज ऊर्जा की बर्बादी, आने वाले कल में ऊर्जा की कमी पैदा करेगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि ऊर्जा संरक्षण के वास्तविक लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए, न केवल महीने भर चलने वाले सक्षम के कार्यक्रमों के दौरान, बल्कि हमेशा ही ऊर्जा संरक्षण के लिए कुछ न कुछ प्रयास करते रहना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने सभी से सक्षम महोत्सव के उद्देश्य को प्राप्त करने के लिए सभी गतिविधियों में पूरे दिल से भाग लेने के लिए आग्रह किया। इस कार्यक्रम में धन्यवाद ज्ञापन श्री एस के साहनी, उप महाप्रबंधक (तकनीकी सेवाएं) ने दिया।

Comments