Friday, May 1, 2026
Newspaper and Magzine


ग्रेप-4 चरण की हिदायतों का सख्ती से क्रियान्वयन करें सुनिश्चित: मुख्य सचिव विवेक जोशी

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at November 20, 2024 Tags: , , , , , ,

-उपायुक्तों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ग्रेप-4 चरण की हिदायतों के क्रियान्वयन की समीक्षा की

-जिला में ग्रेप-4 चरण की हिदायतों की सख्ती से अनुपालना सुनिश्चित करें सभी अधिकारी: अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. पंकज यादव

BOL PANIPAT , 20 नवंबर। हरियाणा के मुख्य सचिव विवेक जोशी ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से वायु गुणवत्ता के दृष्टिïगत लागू किए गए ग्रेप-4 चरण की हिदायतों के क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने जिलावार समीक्षा करते हुए अधिकारीयों को इन हिदायतों की सख्ती से अनुपालना सुनिश्चित करवाने को कहा।
मुख्य सचिव विवेक जोशी ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से एनसीआर में शामिल जिलों के उपायुक्तों एवं अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ ग्रेप-4 चरण की हिदायतों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्माण एवं डिमोलिशन गतिविधियों, सडक़ों पर धूल प्रबंधन, शहरी क्षेत्रों में ठोस कचरा प्रबंधन वाहनों की स्थिति शिक्षण संस्थाओं में ऑनलाइन कक्षाएं व औद्योगिक ईकाइयों से संबंधित गतिविधियों के क्रियान्वयन की समीक्षा की।
अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. पंकज यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंस उपरांत अधिकारियो को सम्बोधित करते हुए सख्त निर्देश दिए की सभी अधिकारी जिला में ग्रेप-4 चरण की हिदायतों की सख्ती से अनुपालना करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने जिला में प्रदूषण फैलाने वाली फैक्ट्रीयों के चालान करने के निर्देश दिए। संबंधित अधिकारी जिला में ग्रेप-एक से चार चरणों की हिदायतों के अनुसार संबंधित निर्माण स्थलों का निरीक्षण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी शहर में हिदायतों अनुसार निर्माणाधीन स्थलों को तुरंत बंद करवाएं तथा नियमानुसार चालान करें। नगर निगम द्वारा कचरा को जलाने की गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाए। बैठक में निगम संयुक्त कमीशनर मनी त्यागी, डीएसपी सतीश वत्स सहित संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी मौजूद रहे।

Comments