हर व्यक्ति बने पर्यावरण प्रहरी, पौधारोपण के साथ संरक्षण भी उतना ही जरूरी: कमेटी चेयरमैन रामकुमार कश्यप
20 पार्कों में होगा सुनियोजित पौधारोपण, वायु प्रदूषण रोकने के लिए सभी विभाग जिम्मेदारी से करें कार्य: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ
हरियाणा को हराभरा और प्रदूषण मुक्त बनाने का संकल्प, विधानसभा पर्यावरण समिति ने किया कई स्थानों का व्यापक निरीक्षण
सौंधापुर एसटीपी से लेकर अर्बन फॉरेस्ट तक समिति ने किया निरीक्षण, बोले पानीपत के पार्क सुंदरता और हरियाली का उत्कृष्ट उदाहरण
BOL PANIPAT , 24 जुलाई। हरियाणा विधानसभा की पर्यावरण एवं प्रदूषण नियंत्रण समिति ने शुक्रवार को चेयरपर्सन रामकुमार कश्यप की अध्यक्षता में पानीपत में पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। समिति ने कहा कि वायु प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण, अधिक से अधिक पौधारोपण और लगाए गए पौधों का संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और इसके लिए प्रत्येक विभाग को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभानी होगी। समिति ने सबसे पहले जिला सचिवालय सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में चेयरपर्सन रामकुमार कश्यप ने कहा कि प्रदेश सरकार पर्यावरण संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखना समय की मांग है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक पौधे लगाए जाएं तथा उनके संरक्षण की भी ठोस व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार किए हैं। नए कॉलेजों और विश्वविद्यालयों की स्थापना से शिक्षा के क्षेत्र को नई दिशा मिली है। उन्होंने कहा कि विकास के साथ चुनौतियां भी आती हैं, लेकिन सरकार उनका समाधान करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। पहले जहां तालाबों की स्थिति चिंताजनक थी, वहीं अब उनका पुनर्जीवन और सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। इसके बाद समिति ने राष्ट्रीय नदी संरक्षण योजना के अंतर्गत संचालित 20 एमएलडी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी), सौंधापुर का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने समिति को विस्तार से बताया कि किस प्रकार गंदे पानी को वैज्ञानिक प्रक्रिया से शुद्ध कर दोबारा उपयोग योग्य बनाया जाता है। समिति ने संयंत्र की कार्यप्रणाली की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
समिति ने इसके उपरांत शहीद उधम सिंह स्टेडियम तथा एचएसवीपी द्वारा विकसित अर्बन फॉरेस्ट, सेक्टर-19 यूआईई का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि लगभग 4.67 एकड़ क्षेत्र में विकसित इस अर्बन फॉरेस्ट में 3,800 वृक्ष, 4,244 झाडिय़ां तथा कुल 8,044 पौधे लगाए गए हैं। समिति के सदस्यों ने पार्कों की सुंदरता, हरियाली और रखरखाव की सराहना करते हुए कहा कि पके पार्क पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रेरणादायी उदाहरण हैं। समिति सदस्य घनश्याम दास ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए सभी को अपनी सोच बदलनी होगी। रचनात्मक और सकारात्मक प्रयासों से ही समाज में अच्छा संदेश जाएगा। उन्होंने कहा कि समिति का पहला दौरा है और भविष्य में भी ऐसे प्रयास जारी रहेंगे। समिति सदस्य विकास सहारण ने कहा कि विकास तभी सार्थक है जब वह पर्यावरण के अनुकूल और सतत (सस्टेनेबल) हो। पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की नहीं बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है।
शहरी विधायक प्रमोद विज ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर कहा कि पानीपत इंडस्ट्रियल एरिया है यहां पौधारोपण की अत्यंत आवश्यकता है सभी विभागों को इसमे भागीदारी निभानी चाहिए वह ज्यादा से ज्यादा संख्या में पौधारोपण करना चाहिए।

बाद में स्थानीय स्काईलार्क टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स में मीडिया से बातचीत करते हुए चेयरपर्सन रामकुमार कश्यप ने कहा कि समिति का मुख्य उद्देश्य हरियाणा को हराभरा और प्रदूषण मुक्त बनाना है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्कूलों, कॉलेजों, थानों, तहसीलों तथा अन्य सरकारी परिसरों में व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा, ताकि आने वाली पीढिय़ों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने समिति को आश्वस्त किया कि जिले में पौधारोपण के लिए अनेक स्थलों का चयन किया जा चुका है। उन्होंने कहा, पानीपत को हराभरा और स्वच्छ बनाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। हमारा प्रयास रहेगा कि पौधारोपण केवल अभियान बनकर न रह जाए, बल्कि प्रत्येक पौधे का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाए। सिंचाई, सुरक्षा और रखरखाव की समुचित व्यवस्था की जाएगी। आईओसीएल से भी चर्चा की गई है और उनके सहयोग से लगभग 10 हजार पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे।
उपायुक्त ने नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त विवेक चौधरी को निर्देश दिए कि ऐसे 20 पार्कों का चयन किया जाए जहां फेंसिंग और सुरक्षा की उचित व्यवस्था उपलब्ध हो, ताकि लगाए जाने वाले पौधों को पशुओं और अन्य कारणों से नुकसान न पहुंचे। समिति के सदस्यों ने भी विशेष रूप से कहा कि पौधारोपण के साथ-साथ पौधों को पशुओं से सुरक्षित रखना और उनकी नियमित देखभाल सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। इस अवसर पर नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त विवेक चौधरी, एसडीएम मनदीप कुमार, ईओ प्रतीक हुड्डा, संयुक्त आयुक्त मनी त्यागी, आरओ भूपेंद्र चहल, पार्षद संजीव दहिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments