सनौली रोड पर मैक्स अस्पताल के पास दो दोस्त से मारपीट व जानलेवा हमला करने के मामले में पांचवां आरोपी गिरफ्तार
BOL PANIPAT , 01 अक्तूबर । थाना चांदनी बाग पुलिस ने सनौली रोड स्थित मैक्स अस्पताल के दो युवकों से मारपीट व जानलेवा हमला करने के मामले में पांचवे आरोपी को बुधवार शाम एमजेआर चौक केे पास से गिरफतार कर लिया है। आरोपी की पहचान आरिफ निवासी डाबर कॉलोनी के रूप में हुई है।
थाना चांदनी बाग प्रभारी इंस्पेक्टर किरण ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने मामले में पहले गिरफ़्तार हो चुके अपने चार साथी आरोपियों मासूम, समीर, शिवा निवासी डाबर कॉलोनी व आसिफ निवासी दिनानाथ कालोनी के साथ मिलकर उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी आरिफ के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त डंडा बरामद कर वीरवार को पूछताछ के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया गया।
यह है मामला
थाना चांदनी बाग में अंबर पुत्र मुनीष टुटेजा निवासी एनएचबीसी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह प्रॉपर्टी डीलर का काम करता है। 18 जून 2026 की रात करीब 1 बजे वह अपने दोस्त साहिल निवासी उग्राखेड़ी के साथ कार से घर लौट रहा था। रास्ते में दोनों सनौली रोड स्थित मैक्स अस्पताल के सामने चाय पीने के लिए रुके। वहां 4/5 युवक पहले से खड़े थे। साहिल कार का दरवाजा खोलने लगा तो पास में खड़ी बाइक के कारण दरवाजा नहीं खुल पाया। साहिल ने बाइक हटाने के लिए कहा।
वहां मौजूद एक युवक ने कहा कि बाइक मासूम की है और यहां से नहीं हटेगी। इसी बात को लेकर उनकी कहासुनी हो गई। आरोपियों ने रास्ता रोककर उन दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। एक आरोपी ने कठोर वस्तु से साहिल के माथे पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गया और लड़खड़ाते हुए पानी से भरे गड्ढे में गिरकर बेहोश हो गया। साहिल को चोट मारने के बाद आरोपियों उसपर लाठी-डंडों हमला किया। वह जान बचाने के लिए गाड़ी में बैठने लगा तो आरोपियों ने उसे खींच लिया और उसके गले से करीब 2 तोले की सोने की चेन तोड़कर छीन ली। आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से उसके सिर पर डंडे से वार किया, जिसे उसने हाथ आगे कर रोक लिया। वह जान बचाकर मैक्स अस्पताल की ओर दौड़ा तो आरोपियों ने अस्पताल के गेट के सामने उसे गिरा दिया। अस्पताल के गार्ड मौके पर पहुंचे और उसे अंदर लेकर गए।
इसके बाद आरोपियों ने कार में घुसकर सामान चोरी करने का प्रयास किया और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। उसने पानी से भरे गड्ढे से अपने दोस्त साहिल को बाहर निकाला और मैक्स अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया। थाना चांदनी बाग में अंबर की शिकायत पर बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच व आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए।

Comments