रास्ता रोककर लाठी-डंडों से चोट मारने के पांच आरोपी गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त 5 डंडे बरामद
BOL PANIPAT , 11 सितंबर : थाना इसराना पुलिस ने गांव बांध के खेतों में दो युवकों का रास्ता रोककर लाठी-डंडों से चोट मारने के मामले में पांच आरोपियों को वीरवार को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव बांध निवासी विकास, मुकेश, रविंद्र, रोकी व मनीष के रूप में हुई है।
थाना इसराना प्रभारी इंस्पेक्टर हरिराम ने बताया कि गांव बांध निवासी अमित पुत्र जगत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 29 अगस्त को वह अपने दोस्त अनिल के साथ प्लाट में चारपाई पर बैठा हुआ था। इसी दौरान धर्मबीर उर्फ बिट्टू, विकास, शंकर व मनीष दो बाइकों पर सवार होकर वहां आए। उन्हें देखकर वह और अनिल चारपाई से उठकर खेतों की तरफ चले गए। आरोपियों ने दोनों का पीछा किया और खेत में पहुंचकर गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद आरोपी रोकी, अंकित, मुकेश, सतेंद्र, अजय, रवि, सुशील व विनोद ने उन दोनों को घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर चोटें मारी। शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो आरोपी उन्हें आता देखकर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। परिजनों ने उसको उपचार के लिए खानपुर पीजीआई में दाखिल कराया। थाना इसराना में अमित की शिकायत पर संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच व आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी।
प्रभारी इंस्पेक्टर हरिराम ने बताया कि पुलिस ने वीरवार को आरोपी विकास, मुकेश, रविंद्र, रोकी व मनीष को गिरफ्तार किया। पूछताच में पांचों आरोपियों ने उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त 5 डंडे बरामद कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई।

Comments