हरियाणा खेलों में नंबर वन, ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी : पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार
उटला में गूंजा हॉकी का जोश, मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने खिलाड़ियों को दिया जीत का मंत्र
सीबीएसई नॉर्थ जोन-2 हॉकी टूर्नामेंट का आगाज, पंवार ने खिलाड़ियों से कहा—हार-जीत नहीं, खेल भावना है सबसे बड़ी जीत
खेल प्रतिभाओं को मिलेगा पूरा प्रोत्साहन, उन्टला स्कूल के विकास के लिए मंत्री पंवार ने की 11 लाख सहित कम्यूनिटी हाल व लाइब्रेरी के लिए 36 लाख की घोषणा
BOL PANIPAT , 2 सितंबर। हरियाणा के विकास,पंचायत एवं खनन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने बुधवार को सांय गांव उटला स्थित गुरु ब्रह्मानंद वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित सीबीएसई नॉर्थ जोन-2 हॉकी टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि हरियाणा की पहचान देशभर में खेलों के हब के रूप में बनी है। प्रदेश के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। पानीपत की धरती भी खेल प्रतिभाओं से समृद्ध है और नीरज चोपड़ा जैसे खिलाड़ी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
मंत्री ने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ये युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, संघर्ष करने का जज्बा और टीम भावना पैदा करते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमता साबित करने का मंच देता है।

उन्होंने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे हार-जीत की चिंता किए बिना पूरे आत्मविश्वास, अनुशासन और खेल भावना के साथ मैदान में उतरें।
उन्होंने कहा कि सफल खिलाड़ी वही होता है जो जीत में विनम्र और हार में मजबूत बना रहता है। निरंतर अभ्यास, कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर खिलाड़ी किसी भी लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ी एक-दूसरे का सम्मान करें और खेल के साथ-साथ अच्छे संस्कारों का भी परिचय दें।
मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने विद्यालय के विकास के लिए 11 लाख रुपये, गांव उटला के कम्यूनिटी हाल के लिए 21 लाख रुपये तथा लाइब्रेरी के लिए 15 लाख रुपये देने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा और खेल सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है, ताकि युवाओं को बेहतर अवसर मिल सकें।
विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि 15 सितंबर से जापान में होने वाले एशियाड में भारतीय खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि देश की महिला हॉकी टीम में करीब 50 प्रतिशत खिलाड़ी हरियाणा से संबंध रखती हैं, जो प्रदेश की खेल प्रतिभा का प्रमाण है। शाहबाद में हॉकी का विशेष रूप से मजबूत आधार है और हरियाणा की बेटियों ने हॉकी में देश का गौरव बढ़ाया है।
मंत्री ने खिलाड़ियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि पानीपत की धरती से निकलने वाली खेल प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले तथा प्रदेश का नाम रोशन करें। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग ले रहे सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
गौरतलब है कि सीबीएसई नॉर्थ जोन-2 हॉकी टूर्नामेंट 2 सितंबर से 6 सितंबर तक चलेगा। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों की टीमें हॉकी मैदान पर अपने कौशल और प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। प्रतियोगिता को लेकर विद्यालय परिसर में खिलाड़ियों, आयोजकों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह बना हुआ है। इस अवसर पर आयोजन समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।

Comments