Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


अनुशासन और लक्ष्य से ही रचा जाता है इतिहास: शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at December 31, 2025 Tags: , , , ,

-शिक्षा मंत्री ने 2 करोड़ की लागत से बने नए भवन का किया उद्धाटन, स्कूल अपग्रेड करने की घोषणा

-सरकारी स्कूलों में शिक्षा का माहौल बदला, हर बच्चा पाएगा बेहतर भविष्य

-2047 तक विकसित भारत के संकल्प में शिक्षा की भूमिका सबसे अहम

BOL PANIPAT , 31 दिसंबर। हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि विद्यार्थियों को जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित कर मजबूत संकल्प और अनुशासन के साथ आगे बढऩा चाहिए। उन्होंने कहा कि वही विद्यार्थी इतिहास रचते हैं जो ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का पालन करते हैं और गुरुजनों के बताए मार्ग पर चलते हैं। गुरु ही विद्यार्थियों को सही दिशा दिखाकर सफलता तक पहुंचाने की प्रेरणा देते हैं।

शिक्षा मंत्री बुधवार को राजकीय आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय, नूरवाला में लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से बने नवनिर्मित भवन के उद्घाटन समारोह में विद्यार्थियों और शिक्षकों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय को अपग्रेड करने की भी घोषणा की। कार्यक्रम में पहुंचने पर अतिरिक्त उपायुक्त एवं नगर निगम आयुक्त डॉ. पंकज यादव ने बुके भेंट कर शिक्षा मंत्री का स्वागत किया। विद्यालय के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह को यादगार बना दिया। विद्यालय की ओर से शिक्षा मंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा, राज्य सरकार का लक्ष्य है कि सरकारी स्कूलों में पढऩे वाला हर बच्चा आत्मविश्वास से भरा हो और किसी से पीछे न रहे। बुनियाद, सुपर-100 और नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से शिक्षा को गुणवत्तापूर्ण बनाया गया है। आज सरकारी स्कूलों में आधुनिक सुविधाएं, बेहतर इंफ्रास्टक्चर और योग्य शिक्षक उपलब्ध हैं। आने वाले समय में इनके परिणाम ऐतिहासिक होंगे। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए अतिरिक्त प्रयास करें और आवश्यकता अनुसार विद्यार्थियों को एक घंटा अतिरिक्त मार्गदर्शन दें।

    शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश के लगभग 60 प्रतिशत सरकारी स्कूलों का नवनिर्माण या कायाकल्प किया जा चुका है। स्कूलों में पीने के स्वच्छ पानी, शौचालय, स्मार्ट क्लासरूम और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज दुनिया में अनिश्चितता का माहौल है, लेकिन भारत के 140 करोड़ नागरिकों ने वर्ष 2047 तक देश को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है, जिसमें शिक्षा की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।

महापौर कोमल सैनी ने कहा कि जीवन में आगे बढऩे के लिए साहस और आत्मविश्वास जरूरी है। कठिन परिस्थितियों का डटकर सामना करने वाला व्यक्ति ही सफल होता है। उन्होंने कहा कि आज के युग में नई शिक्षा नीति के तहत बच्चों के भविष्य के निर्माण के लिए विभिन्न योजनाएं चलाई गई हैं। केन्द्र सरकार के साथ-साथ हरियाणा सरकार भी बच्चों के भविष्य निर्माण को लेकर सजग है। सरकार द्वारा चलाई गई योजनाओं को लाभ उठाएं।

  अतिरिक्त उपायुक्त एवं नगर निगम आयुक्त डॉ. पंकज ने विद्यार्थियों को जीवन में लक्ष्य तय करने और निरंतर मेहनत करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बिना लक्ष्य के सफलता की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने सभी विद्यार्थियों का आह्ïवान किया कि वे मन लगाकर पढ़ें और विषयों की गम्भीरता के प्रति सजग रहें। जो भी कार्य अध्यापकों द्वारा विद्यार्थियों को दिए जाते हैं उसे समय पर पूरा करके लाएं। जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा ने बताया कि विशेष अभियान के तहत अभिभावकों को सरकारी स्कूलों में बच्चों का दाखिला कराने के लिए प्रेरित किया गया, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। वर्तमान में सरकारी स्कूलों में छात्र संख्या और परीक्षा परिणाम दोनों ही सराहनीय हैं।

  कार्यक्रम में जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुभाष भारद्वाज, विद्यालय के मुख्य अध्यापक विनोद सिंगला, बीईओ जयपाल सरोहा, पार्षद काजल शर्मा, प्राध्यापक सुरेश बांगड़, संजय त्यागी, कृष्ण वाधवा, निर्मल बंसल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Comments