Thursday, May 28, 2026
Newspaper and Magzine


आई.बी. (पी.जी.) कॉलेज, पानीपत द्वारा जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए विशेष छात्रवृत्ति एवं फीस रियायत योजनाओं की घोषणा की गई

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at May 28, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT : शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। क्षेत्र के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान आई.बी. (पी.जी.) कॉलेज, पानीपत द्वारा इस वर्ष भी मेधावी एवं आर्थिक रूप से जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए विशेष छात्रवृत्ति एवं फीस रियायत योजनाओं की घोषणा की गई है।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सतवीर सिंह ने इस अवसर पर कहा कि आई.बी. कॉलेज का उद्देश्य केवल शिक्षा प्रदान करना ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि कॉलेज प्रबंधन का एकमात्र लक्ष्य यह है कि पैसे के अभाव में कोई भी प्रतिभाशाली छात्र या छात्रा उच्च शिक्षा से वंचित न रह जाए। कॉलेज सदैव विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्ध रहा है और आगे भी इसी भावना के साथ कार्य करता रहेगा।
डॉ. सतवीर सिंह ने बताया कि कॉलेज में छात्रवृत्ति के अतिरिक्त भी अनेक प्रकार की सहायता योजनाएं संचालित की जाती हैं, जिनका लाभ जरूरतमंद एवं मेधावी विद्यार्थियों को समय-समय पर प्रदान किया जाता है। कॉलेज में आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं, अनुभवी स्टाफ, प्रयोगात्मक शिक्षा, स्मार्ट कक्षाएं, पुस्तकालय, खेल सुविधाएं तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है।
कॉलेज प्रबंधन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 10+2 अथवा स्नातक परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रवेश के समय विशेष छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। कॉलेज द्वारा बी.एससी., बी.कॉम., बी.ए., बीसीए एवं बीबीए पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को उनकी योग्यता के आधार पर आर्थिक सहायता दी जाएगी। 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 3000 रुपये, 85 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वालों को 2000 रुपये तथा 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 1000 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
कॉलेज प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि यह सुविधा केवल प्रवेश तक सीमित नहीं है, बल्कि यदि विद्यार्थी आगामी सेमेस्टरों में भी निर्धारित शर्तों को पूरा करते हुए अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो उन्हें आगे भी फीस में रियायत एवं विशेष सुविधाएं प्रदान की जाती रहेंगी।
इसके अतिरिक्त जिन विद्यार्थियों के सिर से पिता का साया उठ चुका है, ऐसे छात्र-छात्राओं को कॉलेज प्रबंधन द्वारा विशेष सहानुभूति एवं सहायता प्रदान करते हुए अलग से फीस रियायत दी जाती है ताकि आर्थिक परिस्थितियों के कारण उनकी शिक्षा प्रभावित न हो।

कॉलेज प्रशासन ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे समय रहते प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करें तथा कॉलेज परिसर में उपलब्ध हेल्प डेस्क से किसी भी प्रकार की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Comments


Leave a Reply