पर्वतारोहण प्रतियोगिता मे संजीव ने मात्र 57 सेकंड में चट्टान चढ़कर किया आर्य महाविद्यालय का नाम रोशन
BOL PANIPAT : 02 दिसम्बर, 2023, आर्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय की एन.एस.एस. इकाई के स्वयंसेवक संजीव ने हरियाणा स्टेट एन.एस.एस. सेल द्वारा 15 से 24 नवम्बर 2023 तक मैकल्योडगंज (धर्मशाला) में आयोजित दस दिवसीय एडवेंचर शिविर में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए भाग लिया।
एन एस एस कार्यक्रम अधिकारी प्रो विवेक गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि इस शिविर में समूचे हरियाणा से कुल 56 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इस शिविर में विद्यार्थियों को नदी पार करना, चट्टान पर चढ़ना, ड्रिल व पीटी, विषम परिस्थितियों में पहाडों पर जीवित रहना, पर्वतारोहण में रस्सी को विभिन्न प्रकार की गाँठ लगाना सहित अन्य एडवेन्चर्स का प्रशिक्षण दिया गया। प्रतिभागियों की पर्वतारोहण प्रतियोगिता मे संजीव ने सबसे पहले मात्र 57 सेकंड में चट्टान चढ़कर आर्य महाविद्यालय व कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया। शिविर में प्रतिदिन सांयकाल को आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम में संजीव ने एंकरिंग करने के साथ साथ देशभक्ति की कविताएं सुनाकर व प्रेरक भाषण देकर अपनी सहभागिता दी।
स्टेट एन.एस.एस.अधिकारी डॉ दिनेश व अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबद्ध खेल संस्थान इंचार्ज जितेंद्र के मार्गदर्शन में शिविर की सभी गतिविधियाँ सफलतापूर्वक आयोजित की गईं।
शिविर के अंतिम दिन सभी प्रतिभागियों को बैज और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
प्राचार्य डॉ जगदीश गुप्ता ने छात्र संजीव, कार्यक्रम अधिकारी प्रो विवेक गुप्ता व डॉ. मनीषा डुडेजा को बधाई एवं शुभकामनाएँ दी। प्राचार्य ने कहा कि इस प्रकार के शिविरों में भाग लेने से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ता है व जीवन की कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी वे आसानी से विजय प्राप्त कर सकते हैं। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय एन एस एस समन्वयक ने भी संजीव को बधाई देते हुए कहा कि इन शिविरों में भाग लेने से स्वयंसेवक की मेरिट सर्टिफिकेट के लिए दावेदारी प्रबल होती है। सभी ने संजीव के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Comments