इनर व्हील क्लब ऑफ पानीपत मिडटाउन का अधिष्ठापन समारोह संपन्न, नई कार्यकारिणी ने संभाला कार्यभार
BOL PANIPAT : इनर व्हील क्लब ऑफ पानीपत मिडटाउन (डिस्ट्रिक्ट 308) का वर्ष 2026–27 का अधिष्ठापन समारोह गरिमापूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में ज़ोनल कोऑर्डिनेटर पूर्व डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन नीरू गुगलानी तथा ज़ोनल क्लब कोर्डिनेटर पूर्व प्रधान डॉ. अनु कालड़ा मुख्य रूप से उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं इनरव्हील प्रार्थना से हुआ। नन्हीं सायशा गोयल ने भावपूर्ण गणेश वंदना प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
समारोह में ज़ोनल कोर्डिनेटर नीरू गुगलानी एवं ज़ोनल क्लब कोर्डिनटर डॉ. अनु कालरा ने ज्योत्सना गर्ग को वर्ष 2026–27 के लिए क्लब की अध्यक्ष तथा मंजरी गोयल को सचिव पद की शपथ दिलाई। साथ ही कार्यकारिणी सदस्यों का अधिष्ठापन कराया तथा क्लब में तीन नए सदस्यों को सदस्यता ग्रहण कराई। इस अवसर पर निवर्तमान अध्यक्ष रूपाली चोपड़ा को उनके सफल कार्यकाल एवं क्लब को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में दिए गए योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
प्रधान ज्योत्सना गर्ग ने सबको संबोधित करते हुए कहा में क्लब कि उन्हें अध्यक्ष पद की ज़िम्मेदारी सौंपकर जो विश्वास जताया गया है, उसके लिए वे सभी की हृदय से आभारी हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वह इस विश्वास और अपेक्षाओं पर पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ खरा उतरने का हर संभव प्रयास करेंगी।
उन्होंने आगे कहा कि डिस्ट्रिक्ट द्वारा निर्धारित सभी सेवा परियोजनाओं को क्लब के प्रत्येक सदस्य के सहयोग एवं सहभागिता से सफलतापूर्वक पूरा किया जाएगा। उनका प्रयास रहेगा कि क्लब का प्रत्येक सदस्य सेवा कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाए ताकि मिल-जुलकर समाजहित में उत्कृष्ट कार्य किए जा सकें और क्लब नई ऊँचाइयों को छुए।
तत्पश्चात ज़ेड.सी. नीरू गुगलानी ने क्लब द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए रुपाली चोपड़ा को डिस्ट्रिक्ट से सर्वश्रेष्ठ प्रधान और अन्य सेवा कार्यों के लिए बधाई दी और नई टीम से समर्पण, एकता और सेवा भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
उनके बाद क्लब की चार्टर प्रेसिडेंट कंचन सागर ने ऑउट गोइंग प्रधान रुपाली चोपड़ा को अनन्त बधाई, नवनियुक्त प्रधान ज्योत्सना गर्ग और कार्यकारिणी को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि जो दूसरों के जीवन में मुस्कान बोते हैं,
ईश्वर उनके जीवन में खुशियों के फूल खिलाता है।
आपकी सेवा-यात्रा निरंतर नई ऊँचाइयाँ छुए—
इन्हीं मंगलकामनाओं के साथ हार्दिक बधाई!
समारोह के दौरान क्लब ने तीन नए सदस्यों को जोड़ने के अतिरिक्त दो सेवा परियोजनाएँ भी संपन्न कीं। एक जरुरतमंद समाजसेवी को ₹3100 की सम्मान राशि एवं एक बेडशीट भेंट कर ऑनर किया गया। वहीं पक्षियों के संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन के संदेश के साथ सदस्यों को सकोरे वितरित किए गए।
उपाध्यक्ष डॉ. स्वाति गोयल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का औपचारिक समापन हुआ।
औपचारिक कार्यक्रम के पश्चात सदस्यों एवं अतिथियों ने फैशन रैंप वॉक, मनोरंजक गतिविधियों और तंबोला का आनंद लिया। अंत में सभी ने आपसी सौहार्द एवं उत्साह के वातावरण में अल्पाहार ग्रहण किया। कार्यक्रम का सफल संचालन पी.पी. गीताप्रिया सीमा बब्बर ने किया।
इस अवसर पर सीमा बब्बर, डॉ.अनु कालड़ा, मंजरी गोयल, रुपाली चोपड़ा, ज्योति रहेजा,स्वाति गोयल, दीप्ति जैन, साधिका मिगलानी, सिमरन गिरधर, कविता, रीतिका गर्ग, सुमन, जीवन ज्योति, रजनी बत्तरा,नीरु भाम्बरी, शिखा गर्ग, मीनाक्षी वर्मा, साँझी सागर, बबिता गर्ग, निशा गर्ग, श्याम बाला मित्तल, सुषमा गुप्ता,पूजा सक्सेना आदि उपस्थित थे।

Comments