Saturday, July 25, 2026
Newspaper and Magzine


समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद बच्चों को संरक्षण, शिक्षा और बेहतर भविष्य उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी: उपायुक्त डॉ वीरेंद्र कुमार दहिया

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at January 29, 2026 Tags: , , , , , ,

-जरूरतमंद बच्चों को मिलेगा मिशन वात्सल्य का लाभ

-बच्चों के संरक्षण को लेकर स्पॉन्सरशिप व फोस्टर केयर स्कीम पर मंथन

-कमजोर वर्ग के बच्चों के पुनर्वास को लेकर प्रशासन गंभीर, उपायुक्त ने दिए स्पष्ट निर्देश

BOL PANIPAT , 29 जनवरी। जिला मिशन वात्सल्य योजना के अंतर्गत स्पॉन्सरशिप एवं फोस्टर केयर स्कीम को लेकर गुरुवार को जिला सचिवालय सभागार में जिला स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने की। बैठक में उपायुक्त ने कहा कि समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद बच्चों को संरक्षण, शिक्षा और बेहतर भविष्य उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। मिशन वात्सल्य योजना ऐसे बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का सशक्त माध्यम है, जिसके तहत आर्थिक सहायता प्रदान कर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ा जाता है।

उन्होंने कहा कि स्पॉन्सरशिप एवं फोस्टर केयर स्कीम के अंतर्गत 0 से 18 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे बच्चों को सहायता दी जाती है, जिनके माता-पिता आर्थिक, शारीरिक अथवा सामाजिक कारणों से बच्चों का समुचित पालन-पोषण करने में असमर्थ हैं। योजना के तहत पात्र बच्चों के पालन-पोषण एवं शिक्षा हेतु प्रतिमाह आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। बैठक में जिला स्तरीय स्पॉन्सरशिप एवं फोस्टर केयर अप्रूवल कमेटी के समक्ष स्वीकृत मामलों की समीक्षा की गई तथा लंबित मामलों में बजट प्राप्त होते ही लाभार्थियों के खातों में सहायता राशि जारी करने के निर्देश दिए गए।

    उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र बच्चों को योजना का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी जरूरतमंद बच्चा सहायता से वंचित न रहे। बैठक में जिला बाल संरक्षण अधिकारी निधि गुप्ता, मालती अरोड़ा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments