पराली न जलाने के प्रति किसानो को करें जागरूक: सुमिता मिश्रा
BOL PANIPAT , 17 अक्टूबर। कृषि एवं कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव सुमिता मिश्रा ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी उपायुक्तों को निर्देश देते हुए कहा कि किसानों को धान की कटाई के बाद पराली ना जलाने के लिए जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि पराली को नष्ट करने के लिए माइक्रो प्लान के तहत कार्य किया जाये। उन्होंने सभी उपायुक्तों को निर्देश करते हुए कहा कि पराली जलाने वाले किसानो की अलग से ङिटेल बनाई जाये और उनके चालान भी किए जाये।
उपायुक्त सुशील सारवान ने भी किसानों से अपील की है कि वे पराली का उचित प्रबंधन कर इसे एथनॉल प्लांट के लिए बेचें ताकि देश ईंधन के मामले में आत्मनिर्भरता की ओर बढ़े।
इसके साथ ही उपायुक्त सुशील सारवान ने कहा कि पराली जलाने वालों के खिलाफ केस भी दर्ज किया जायेगा और कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि पराली जलाने से जहां पर्यावरण प्रदूषित होता है, वहीं खेतों में मित्र कीटों को भी नुकसान पहुंचता है।

अधिकारियों की टीमें मारेंगी छापे
अधिकारियों की टीमों को फील्ड में रहने के निर्देश देते हुए उपायुक्त ने कहा कि पराली जलाने वालों के खिलाफ सख्ती से निपटा जाएगा। उन्होंने अधिकारियों की टीमों को रविवार के दिन विशेष रूप से गश्त करके पराली जलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि इसके लिए टीमों का विशेष तौर पर गठन किया गया है ताकि पर्यावरण के संरक्षण के साथ ही पराली का उचित प्रबंधन भी हो सके। उन्होंने कहा कि किसान पराली जलाने की बजाय उसका उचित प्रबंधन कर लाभ कमाएं। पर्यावरण का संरक्षण हम सबकी जिम्मेदारी है। इसमें किसान को भी सहयोग देना चाहिए।

Comments