एम.ए. राजनीति विज्ञान प्रथम वर्ष के मनीष ने 9.45 एसजीपीए प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया।
BOL PANIPAT : आई.बी. स्नातकोत्तर महाविद्यालय, पानीपत के एम.ए. राजनीति विज्ञान प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर कॉलेज का नाम गौरवान्वित किया है। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर कॉलेज के प्राचार्य एवं शिक्षकों ने उन्हें शुभाशीष एवं बधाई दीं।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सतवीर सिंह ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि सफलता कठोर परिश्रम, अनुशासन और निरंतर प्रयास का परिणाम होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने यह भी बताया कि कॉलेज विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्हें विश्वास है कि विद्यार्थी भविष्य में भी इसी समर्पण और मेहनत के साथ कॉलेज एवं अपने अभिभावकों का नाम रोशन करते रहेंगे।
राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. किरण मदान ने विद्यार्थियों की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि उनकी मेहनत, लगन और नियमित अध्ययन का परिणाम है तथा यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत सिद्ध होगी। उन्होंने यह भी कहा कि विभाग विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं उचित मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है तथा विद्यार्थी इसी प्रकार निरंतर अध्ययन एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ते रहें।
विश्वविद्यालय परीक्षा परिणाम में मनीष ने 9.45 एसजीपीए प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। काजल ने 9.27 एसजीपीए, मानसी ने 8.91, साक्षी एवं मनीषा ने 8.55 तथा जागृति ने 8.18 एसजीपीए प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि ने कॉलेज की शैक्षणिक उपलब्धियों में एक नया आयाम जोड़ा है।
इस अवसर पर डॉ. निधान सिंह, डॉ. विक्रम कुमार, सहायक प्राध्यापिका खुशबू, सहायक प्रो.राहुल कुमार, पूजा तथा कुलदीप शर्मा भी उपस्थित रहे। सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्जवल एवं सफल भविष्य की कामना की।

Comments