Friday, July 31, 2026
Newspaper and Magzine


अन्याय के विरुद्ध अडिग संकल्प और मातृभूमि के प्रति समर्पण की प्रेरणा हैं शहीद उधम सिंह: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at July 31, 2026 Tags: , , , , ,

शहीद उधम सिंह का बलिदान राष्ट्रभक्ति की अमर मिसाल, युवा पीढ़ी उनके आदर्शों को अपनाए

देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर क्रांतिकारी को नमन, कर्तव्यों के प्रति सजग रहने का दिया संदेश

शहीदी दिवस पर उपायुक्त का आह्वान: राष्ट्र निर्माण, सामाजिक सद्भाव और जनसेवा ही सच्ची श्रद्धांजलि

BOL PANIPAT , 31 जुलाई। अमर शहीद उधम सिंह के शहीदी दिवस पर उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि शहीद उधम सिंह का जीवन अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति और अन्याय के विरुद्ध अडिग संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन देश की स्वतंत्रता के लिए समर्पित कर दिया और अपने बलिदान से आने वाली पीढ़ियों के लिए राष्ट्रप्रेम का अमिट उदाहरण स्थापित किया।
उपायुक्त डॉ हरीश ने कहा कि 31 जुलाई केवल एक स्मरण का दिन नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों का आत्ममंथन करने का अवसर भी है। शहीद उधम सिंह का बलिदान हमें यह संदेश देता है कि मातृभूमि की रक्षा, सामाजिक एकता, न्याय और राष्ट्रीय सम्मान सर्वोपरि हैं। उनके विचार आज भी युवाओं को देशहित में ईमानदारी, साहस और समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।
डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को शहीद उधम सिंह के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण, सामाजिक सद्भाव, पर्यावरण संरक्षण और जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
उन्होंने कहा कि देश की आज़ादी अनगिनत वीर सपूतों के बलिदान का परिणाम है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह संविधान के मूल्यों का सम्मान करे, राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाए और अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से पालन करे। शहीद उधम सिंह का त्याग और बलिदान सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।

Comments


Leave a Reply