आर्य कॉलेज में कॉमर्स एसोसिएशन द्वारा करवाया गया मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन
– प्रतियोगिता में प्राची ने प्रथम, खुशी ने द्वितीय व हर्षिता ने किया तृतीय स्थान हासिल
BOL PANIPAT , बुधवार 28 अक्टूबर 2026 : आर्य पीजी कॉलेज, पानीपत में बुधवार को कॉमर्स एसोसिएशन की ओर से करवाचौथ के उपलक्ष्य में “मेहंदी रचाओ प्रतियोगिता” का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में महाविद्यालय की अनेक छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी कलात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। छात्राओं ने प्राध्यापिकाओं और अपनी सहपाठियों के हाथों पर आकर्षक एवं सुंदर मेहंदी के डिजाइन बनाकर अपनी रचनात्मकता, कला-कौशल और सौंदर्यबोध का परिचय दिया। कार्यक्रम के आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ उनकी छिपी प्रतिभा को मंच प्रदान करना था।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) जगदीश गुप्ता और उपाचार्या डॉ. अनुराधा सिंह ने विजेता छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी छात्राओं के प्रयासों की सराहना की और कार्यक्रम की संयोजिकाओं नेहा बंसल एवं श्रेया बरेजा को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) जगदीश गुप्ता ने कहा कि त्योहार हमारी संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता के प्रतीक हैं। हमें सभी त्योहार मिल-जुलकर उत्साह और सद्भाव के साथ मनाने चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति अपनी समृद्ध परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के लिए विश्वभर में विशेष पहचान रखती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ अपनी रचनात्मक प्रतिभा को निखारने के अवसर प्रदान करती हैं। साथ ही ऐसे आयोजन युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने में अहम भूमिका निभाते हैं।
महाविद्यालय की उपाचार्या डॉ. अनुराधा सिंह ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि मेहंदी रचाओ प्रतियोगिता जैसे आयोजन विद्यार्थियों की रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उनमें भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान और अपनत्व की भावना को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करना भी है। सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने, आत्मविश्वास बढ़ाने और आपसी सहयोग की भावना विकसित करने का अवसर देते हैं। उन्होंने ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता में छात्राओं ने एक से बढ़कर एक सुंदर मेहंदी डिजाइन बनाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। परिणामों के अनुसार, बीए प्रथम वर्ष की छात्रा प्राची ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बीकॉम ऑनर्स चतुर्थ वर्ष की छात्रा खुशी द्वितीय स्थान पर रही, जबकि बीकॉम प्रथम वर्ष की छात्रा हर्षिता ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं, बीकॉम द्वितीय वर्ष की छात्रा मीनाक्षी को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। विजेता छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
वहीं, महाविद्यालय के सांस्कृतिक विभाग के अध्यक्ष डॉ. रामनिवास ने प्रतिभागी छात्राओं की सराहना करते हुए कहा कि मेहंदी कला भारतीय परंपरा और संस्कृति का अभिन्न अंग है। करवाचौथ जैसे त्योहारों पर मेहंदी लगाने की परंपरा विशेष महत्व रखती है। उन्होंने कहा कि यह प्रसन्नता की बात है कि आज की युवा पीढ़ी भी अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और आगे बढ़ाने में रुचि ले रही है। ऐसे आयोजन हमारी परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति के प्रति गर्व की भावना भी विकसित करते हैं।
कार्यक्रम की संयोजिकाओं नेहा बंसल और श्रेया बरेजा ने कहा कि महाविद्यालय में इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानने और उसे निखारने का एक बेहतर माध्यम है। ऐसी गतिविधियों से विद्यार्थियों में सृजनात्मकता, सौंदर्यबोध, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक जुड़ाव की भावना विकसित होती है। उन्होंने प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेने वाली सभी छात्राओं का आभार व्यक्त किया और कहा कि भविष्य में भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
मेहंदी रचाओ प्रतियोगिता में महाविद्यालय की उपाचार्या डॉ. अनुराधा सिंह, डॉ. गीतांजलि धवन और डॉ. मधु गाबा ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई। उन्होंने छात्राओं द्वारा तैयार किए गए मेहंदी डिजाइनों का मूल्यांकन किया।
इस अवसर पर डॉ. मधू गाबा, डॉ. रजनी शर्मा, डॉ. सोनिया सोनी, डॉ. मनीषा डुडेजा, प्राध्यापिका आस्था गुप्ता, कार्यक्रम संयोजिका नेहा बंसल, श्रेया बरेजा सहित महाविद्यालय के अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।

Comments