Friday, June 5, 2026
Newspaper and Magzine


पीआरपीसी में राष्ट्रीय उत्पादकता सप्ताह-2022 का उत्साहपूर्वक  शुभारंभ

By LALIT SHARMA , in Business , at February 14, 2022 Tags: , , , , , ,

BOL PANIPAT :- 14 फरवरी, 2022, सभी स्तरों पर उत्पादकता बढ़ाने के साथ-साथ भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए, राष्ट्रीय उत्पादकता सप्ताह-2022 समारोह 12 फरवरी, 2022 से ही पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स (पीआरपीसी) में उत्साहपूर्वक  शुभारंभ किया गया। इसके अंतर्गत पीआरपीसी और टाउनशिप के विभिन्न स्थानों पर इस वर्ष के विषय “उत्पादकता के माध्यम से आत्मनिर्भरता” आधारित बैनर, बैकड्रॉप और डिस्प्ले बोर्ड के माध्यम से संदेश दिया गया। उत्पादकता सप्ताह 18 फरवरी, 2022 तक मनाया जाएगा।

सप्ताह को और अधिक उद्देश्यपूर्ण ढंग से मनाने के लिए, आज 14 फरवरी, 2022 को एक औपचारिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम की शुरुआत में श्री गोपाल चंद्र सिकदर, कार्यकारी निदेशक व रिफाइनरी प्रमुख, पीआरपीसी द्वारा मुख्य-महाप्रबंधकगण और वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में उत्पादकता ध्वज फहराने के साथ की गई।  इस अवसर पर श्रीमती महुआ बसु, मुख्य-महाप्रबंधक (मा. संसा.) ने हिंदी में उत्पादकता शपथ दिलाई, जबकि सुश्री रश्मि तिरु, मुख्य-महाप्रबंधक (मा. संसा. ) नियुक्त, ने स्वागत भाषण दिया। इसके बाद श्री जॉयदीप चौधरी, मुख्य महाप्रबंधक (परि.) ने सुश्री शुक्ला मिस्त्री, निदेशक (रिफाइनरीज) का संदेश पढ़ा। इस अवसर पर कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष श्री एस के गुप्ता तथा ऑफिसर्स एसोसिएशन के श्री एस.के. सिन्हा, सचिव ने भी उत्पादकता सप्ताह पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

उत्पादकता सप्ताह के इस कार्यक्रम का आयोजन सोशल-डिस्टेन्सिंग तथा सरकार द्वारा निर्धारित सभी दिशा-निर्देशों की अनुपालना करते हुए किया गया। कार्यक्रम का प्रसारण ऑनलाइन माध्यम से भी  किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत में रिफाइनरीज मुख्यालय नई दिल्ली के कार्यक्रम के साथ ऑनलाइन सिंक्रनाइज़ (लयबद्ध) होकर किया गया। साथ ही टीम पीआरपीसी ने इंडियन ऑयल के निदेशक (रिफाइनरीज) के द्वारा दिलवाई गई उत्पादकता शपथ भी ग्रहण की। 

अपने उद्घाटन भाषण के दौरान, श्री सिकदर ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि हम में से प्रत्येक को इस वर्ष के उत्पादकता सप्ताह को अधिक जोश और दृढ़ता के साथ मनाना चाहिए क्योंकि इस वर्ष का विषय राष्ट्र निर्माण अर्थात  “उत्पादकता के माध्यम से आत्मनिर्भरता” से जुड़ा है। इंडियनऑयल पहले से ही भारत को पूरी तरह से आत्मनिर्भर बनाने के लिए बहुत सारी परियोजनाओं पर कार्य कर रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि हम में से प्रत्येक के पास एक-दूसरे के साथ मिलकर काम करने की तथा एक दूसरे से सहयोग करने वाली उच्च मानसिकता होनी चाहिए जो कि उत्पादकता बढ़ाने में नितांत आवश्यक है।

उन्होंने उल्लेख किया कि, उत्पादकता सप्ताह को केवल एक समारोह के रूप में नहीं मनाया जाना चाहिए, बल्कि यह एक सतत प्रक्रिया होनी चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि उत्पादकता और दक्षता किसी भी व्यवसाय के मूल उत्प्रेरक हैं;  तो आइए हम सब अधिक उत्पादक और कुशल बनें और सुरक्षा के सभी निर्धारित दिशा निर्देशों की पालना करते हुए उत्पादकता को बढ़ाएँ। उन्होंने पीआरपीसी संचालन को अधिक विश्वसनीय और रुकावट मुक्त बनाने के लिए नवीन तरीकों के माध्यम से हमारे कौशल में सुधार और वृद्धि करने का आग्रह किया जो अंततः भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रेरित करेगा।

अंत में उन्होंने पीआरपीसी के सदस्यों को सप्ताह के दौरान नियोजित सभी कार्यक्रमों और गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जो इस महीने की 18 तारीख तक आयोजित किए जाने हैं। उन्होंने राष्ट्रीय उत्पादकता सप्ताह-2022 की शानदार सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं और इसे शुरू करने की घोषणा की। अंत में धन्यवाद प्रस्ताव श्री पंकज त्रिपाठी, मुख्य प्रबंधक (एमएस, एलएंडडी) द्वारा किया गया। 

Comments