Monday, June 1, 2026
Newspaper and Magzine


एसडी पीजी कॉलेज पानीपत की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाइयों ने ग्राम राजा खेड़ी में चलाया मतदान करने और वोट बनवाने हेतू विशेष जागरूकता अभियान

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at March 20, 2024 Tags: , , , , ,

रैली और बैनर के माध्यम से नए युवा मतदाताओं को किया विशेष रूप से प्रेरित  

गाँव के हर पात्र व्यक्ति को निर्भीकता, जागरूकता और निरंतरता के साथ वोट के अधिकार का उपयोग करना चाहिए: सुमित्रा सांगवान प्राचार्य मॉडल संस्कृति राजकीय स्कूल राजा खेडी  

वोट केवल सरकार नहीं, बल्कि व्यवस्था बदलने का हथियार है: डॉ राकेश गर्ग

BOL PANIPAT , 20 मार्च. एसडी पीजी कॉलेज पानीपत की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाइयों ने लगभग 150 स्वयंसेवकों के माध्यम से ग्राम राजा खेड़ी के ग्रामवासियों, महिलाओं और युवकों को निर्भीकता, जागरूकता और निरंतरता के साथ वोट के अधिकार का उपयोग करने बारे जागरूक और प्रेरित किया । इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने नए युवा मतदाताओं को विशेष रूप से मतदान करने और अपनी वोट बनवाने के लिए प्रेरित भी किया और रैली निकाली । मोहम्मद जाहिद, पूजा, सौरभ, गगन, स्मृति, सुरेश, ललित, मोहित, अनुष्का, काजल, शिल्पा आदि की टीम ने जोश और उर्जा के साथ ग्रामवासियों और गाँव के बाहर स्थित डेरों पर जाकर वहां कार्य कर रहे मजदूरों और किसानों से बातचीत की और उन्हें एक-एक वोट के महत्त्व और इसकी कीमत पर प्रकाश डाला । इससे पहले तीसरे दिन की शुरुआत स्वयंसेवकों द्वारा ध्यान शिविर और योग से की गई । नाश्ते के उपरान्त कार्यकर्ताओं को प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा के मार्गदर्शन एवं  प्रोग्राम ऑफिसर डॉ राकेश गर्ग, डॉ संतोष कुमारी, प्रो जगमती और प्रो मीतु सैनी की अगुआई में कॉलेज से ग्राम राजा खेड़ी के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया ।

मॉडल संस्कृति राजकीय स्कूल राजा खेडी की प्राचार्य सुमित्रा सांगवान का अभियान को विशेष सहयोग रहा । ग्राम सरपंच ऋतु मलिक, उनके पति प्रवीन मलिक और गाँव के अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने कॉलेज एनएसएस टीम का स्वागत किया और उनका हौंसला बढ़ाया । विदित रहे कि भारतीय लोकतंत्र या किसी भी स्वस्थ लोकतंत्र में मतदाता और उसका मत ही मूल आधार है । यही जिम्मेदारी स्वयंसेवकों ने निभाई और ग्रामीणों को मत के महत्त्व को समझाया । स्वयंसेवकों ने नए वोट बनवाने की प्रक्रिया और फॉर्म को कैसे भरे भी घर-घर जाकर सभी को बताया । सांयकालीन सत्र में स्वयंसेवकों ने वितीय साक्षरता और सफाई जैसे मुद्दों पर ग्रामवासियों से बातचीत की और उन्हें व्यावहारिक ज्ञान देकर उनकी समस्याओं का निदान किया ।

सुमित्रा सांगवान प्राचार्य ने कहा कि गाँव के हर पात्र व्यक्ति को निर्भीकता, जागरूकता और निरंतरता के साथ वोट के अधिकार का उपयोग करना चाहिए । वोट न डालने की आदत को खत्म करने के लिए ऐसे अभियानों को चलाना बहुत जरुरी है ताकि अधिक से अधिक मतदाता अपने मत का प्रयोग करे । एसडी कॉलेज शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ सामाजिक बोध के प्रति हमेशा सचेत रहा है । देश की स्वच्छता, लड़कियों की सुरक्षा और बौधिक विकास – वोट के सही प्रयोग के ही विस्तार है । 

ऋतु मलिक सरपंच ग्राम राजा खेड़ी ने कहा कि कि भारतीय लोकतंत्र में नागरिकों की भूमिका सबसे अहम है । नागरिक ही सरकार चुनकर देश की दिशा तय करते हैं । ऐसे में देश के हर एक व्यक्ति को वोट देने के लिए जागरुक करना परम आवश्यक है और उन्हें वोट की अहमियत समझाने की अत्यंत आवश्यकता है । कॉलेज के युवा स्वयंसेवकों ने इस जिम्मेदारी का जिस तरह से निर्वाह किया है उससे उन्हें अत्यंत ख़ुशी हुई है ।

प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा ने कहा कि चूँकि इस वर्ष लोकसभा और कई राज्यों में चुनाव होने वाले है ऐसे में प्रत्येक नागरिक को वोट अवश्य डालनि चाहिए । भारत एक गणतांत्रिक देश है और गणतांत्रिक देश में चुनाव और मत का प्रयोग सबसे अहम होता है । गणतंत्र एक यज्ञ की तरह होता है जिसमें मतों यानि वोटों की आहुति बेहद अहम मानी जाती है । यहां एक वोट भी सरकार और सत्ता बदलने के लिए काफी होती है । ‘आलस’ और ‘मेरे एक वोट से क्या बदलेगा’ जैसे तकिया-कलामों की वजह से देश को कितना नुकसान हो सकता है हम इसकी कल्पना भी नहीं कर सकते है । हम स्वयं को बदलेंगे तो, सिस्टम भी खुद-ब-खुद बदल जाएगा । इंटरनेट पर भारतीय सिस्टम और राजनीति पर बड़ी-बड़ी बहस करने वाले लोग अकसर भारतीय गणतंत्र के इस यज्ञ में सिर्फ इसलिए वोट डालने नहीं जाते क्यूंकि उन्हें लाइन में लगता पड़ता है और कुछ देर के लिए अनुशासन एवं समय का पालन करना पड़ता है । गणतांत्रिक प्रणाली तभी सुचारु रूप से चल सकती है जब हर इंसान अपने मत का प्रयोग करे और अपनी इच्छा-अनिच्छा को जाहिर करे ।

डॉ राकेश गर्ग प्रोग्राम ऑफिसर कहा कि भारत में युवाओं की भागीदारी काफी अधिक है और ऐसे में उन्हें सबसे पहले अपना वोट जरुर बनवाना चाहिए । आज हर जिले में जगह-जगह ऐसे सेंटर स्थापित किए गए है जहां मतदाता पहचान पत्र बनवाने के कार्य किए जाते हैं । हर जिले, ब्लॉक, गांव, स्कूल एवं कॉलेज में जगह-जगह कैंप लगाकर भी इस कार्य को संपन्न किया जा रहा है । भारत सरकार एवं हरियाणा सरकार भी विभिन्न प्रकार के जागरुकता अभियान चला रही है । परंतु मतदाता सूची में नामांकन की प्रक्रिया में और भी कई कठिनाइयां हैं । शिक्षा का अभाव और सुदूर ग्रामीण और यहां तक की शहरी गरीब बस्तियों में जन्म प्रमाण पत्र का न होना एक ऐसा बड़ा कारण है जिससे ग्रामीण और शहरी गरीबों, युवाओं और वयस्कों की बड़ी संख्या अकसर मतदाता सूची में नामांकन से वंचित रह जाती है । इस चुनौती को पार पाने के लिए राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन पूरी तरह गंभीर है ।

डॉ संतोष कुमारी ने कहा कि जब तक हर एक मतदाता को अपने मत का सही अर्थ समझ में नहीं आएगा तब तक भारत का प्रजातन्त्र मजबूत नहीं होगा । सभी को गणतंत्र के इस टीके को लगाना ही होगा । मतदाताओं को समझना होगा कि उनका एक वोट केवल सरकार ही नहीं बल्कि व्यवस्था बदलने का हथियार भी है और इसके जरिए मतदाता का भाग्य यकीनन बदल सकता है ।

इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने शपथ उठाई कि वे अपने आस-पड़ोस के लोगों और रिश्तेदारों एवं मित्रों को वोट डालने के महत्व के बारे जागरूक और प्रेरित अवश्य करेंगे ।

Comments