मकर संक्रांति के अवसर पर आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को 100 पैकेट दाल एवं चावल वितरित किया गया
BOL PANIPAT : मकर संक्रांति जैसे पावन पर्व के अवसर पर आज आई.बी महाविद्यालय परिसर में संस्कारशाला क्लब के तत्वावधान में एक सराहनीय सामाजिक सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारम्भ मैनेजमेंट मेंबर युधिष्ठिर मिगलानी , प्राचार्या डॉ. शशि प्रभा मलिक , डॉ सुनीत शर्मा , डॉ नीलम , डॉ पूनम मदान, डॉ निधान सिंह, प्रो माधवी, डॉ राजेश कुमार, प्रो अश्वनी गुप्ता, प्रो विनय भारती, प्रो मनीष एवं प्रो सुखजिंदर के द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्यों ने आपसी सहयोग एवं मानवीय संवेदनाओं के साथ स्वेच्छा से धनराशि एकत्रित की, जिससे जरूरतमंद लोगों की सहायता की जा सके।
एकत्रित निधि से 1.5 किलोग्राम वजन के 100 पैकेट दाल एवं चावल तैयार किए गए, जिन्हें महाविद्यालय के आसपास के आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को वितरित किया गया और साथ ही साथ बस स्टैंड के पास बने हुए रोटी बैंक को भी दिए गए । इस पहल का उद्देश्य मकर संक्रांति के अवसर पर समाज के वंचित वर्ग तक सहायता पहुँचाना तथा सेवा, सहयोग और संवेदना के मूल्यों को सुदृढ़ करना रहा।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शशि प्रभा मलिक ने इस सामाजिक कार्य की सराहना करते हुए कहा कि मकर संक्रांति केवल एक पर्व ही नहीं, बल्कि समाज में समानता, दान और सहयोग की भावना को जागृत करने का संदेश देती है। उन्होंने कहा मकर संक्रांति के दिन सूर्य धनु राशि से मकर राशि में प्रवेश करता है , सूर्य के एक राशि से दूसरी में प्रवेश करने को संक्रांति कहते हैं क्योंकि सूर्य मकर राशि में प्रवेश करते हैं इसलिए इस समय को मकर संक्रांति कहा जाता है I साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि इस दिन से सूर्य देव उत्तर दिशा की ओर बढ़ना शुरू कर देते हैं इसलिए कहीं कहीं मकर संक्रांति को उत्तरायण भी कहते हैं I
संस्कारशाला क्लब के संयोजक अश्वनी गुप्ता ने बताया कि इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहयोग किया। उन्होंने कहा कि संस्कारशाला क्लब का उद्देश्य केवल शैक्षणिक गतिविधियों तक सीमित न रहकर सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को भी प्रोत्साहित करना है। भविष्य में भी इस प्रकार के सेवा कार्य निरंतर जारी रखे जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंद लोगों के चेहरे पर आई मुस्कान ने इस पहल को और भी सार्थक बना दिया। उपस्थित सभी लोगों ने इस प्रयास को अत्यंत प्रेरणादायक बताया तथा इस प्रकार के आयोजनों को निरंतर आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
अंत में कॉलेज गवर्निंग बॉडी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी स्टाफ सदस्यों एवं संस्कारशाला क्लब के सदस्यों का आभार व्यक्त किया और समाज सेवा के इस पथ पर आगे भी इसी प्रकार सक्रिय रहने का संदेश दिया।

Comments