ऑपरेशन आक्रमण : पानीपत पुलिस की 81 टीमों ने 6 घंटे के दौरान 36 आरोपी किए गिरफ्तार.
अवैध 2 देसी पिस्तौल, 2 जिंदा रौंद, 24 ग्राम स्मैक, 88 बोतल देसी व अंग्रेजी शराब, 39 बोतल बीयर, 15 लीटर कच्ची शराब व 250 लीटर लाहन बरामद, 2 बेल जंपर आरोपी गिरफ्तार
BOL PANIPAT : 25 अगस्त 2024, पुलिस महानिदेशक हरियाणा शत्रुजीत कपूर आईपीएस के आदेशानुसार अपराधों पर अंकुश लगा आरोपियों की धरपकड़ के लिए रविवार 25 अगस्त को सुबह छह बजे से दोपहर 12 बजे तक चलाए गए ऑपरेशन आक्रमण के तहत पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह आईपीएस की अगुवाई में पानीपत पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ स्पेशल कार्रवाई की। इस दौरान जिला पुलिस की टीमों ने अलग-अलग स्थान पर दबिश देकर चोरी, झगड़े, एनडीपीएस, एक्साइज, आर्म्स एक्ट के मामलों में संलिप्त 36 आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी कामयाबी हासिल की।
पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने “ऑपरेशन आक्रमण” के तहत जिला में आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की 81 टीमें बनाकर जिसमे कुल 304 जवानों को शामिल कर सभी को विशेष रूप से दिशा निर्देश दिए थे। सभी टीमें सुबह छह बजे से ही अपने-अपने क्षेत्र में अपराधियों की धरपकड़ में सक्रिय हो गई थी।
अभियान के तहत 3 आरोपियों को अवैध 2 देसी पिस्तौल, 2 जिंदा रौंद सहित गिरफ्तार किया। 5 आरोपियों को अवैध शराब सहित गिरफ्तार कर इनसे 88 बोतल देसी व अंग्रेजी शराब, 39 बोतल बीयर, 15 लीटर कच्ची शराब, 250 लीटर लाहन बरामद किया। एक आरोपी को 24 ग्राम स्मैक सहित काबू किया। एक आरोपी को सट्टा खाईवाली करते 2730 रूपये की नगदी व सट्टे के नंबरों की पर्ची सहित गिरफ्तार किया। अवैध माइनिंग में संलिप्त 1 ट्रैक्टर व ट्राली पकड़ी।
आरोपियों के खिलाफ संबंधित थाना में अभियोग दर्ज कर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई। 2 बेल जंपर आरोपी गिरफ्तार किए।
इसके अलावा चोरी व अन्य पुराने आपराधिक मामलों के 24 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। हाईवे पर लेन ड्राइविंग के नियमों की उल्लंघना करते पाए जाने पर 403 भारी वाहनों के चालान किए।
अपराधियों की धरपकड़ के लिए समय-समय पर इस प्रकार के अभियान जारी रहेंगे
पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने कहा कि अपराधों पर अंकुश लगाने व आरोपियों की धरपकड़ के लिये जिले में समय-समय पर ऑपरेशन आक्रमण जैसे अभियान आगे भी इसी प्रकार जारी रहेंगे। अपराध और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए आम नागरिकों का सहयोग जरूरी है। उन्होंने जिला वासियों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी तरह के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में सूचना नजदीकी पुलिस थाना, अपराध शाखा, चौकी, पुलिस कंट्रोल रूम या डायल 112 को दे। सूचना देने वाले की पहचान पूर्ण रूप से गुप्त रखी जाएगी, वही आरोपियों के खिलाफ त्वरित कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Comments